बलिया में सपा के दिवंगत नेता पर अभद्र टिप्पणी करना ग्राम पंचायत सचिव को पड़ा महंगा, मुकदमा दर्ज, हिरासत में
बलिया में सपा के दिवंगत नेता पर अभद्र टिप्पणी करना ग्राम पंचायत सचिव को पड़ा महंगा, मुकदमा दर्ज, हिरासत मेंबलिया। सपा के वरिष्ठ नेता रहे स्व. रामगोविंद चौधरी के खिलाफ फेसबुक पर ग्राम पंचायत सचिव द्वारा अभद्र टिप्पणी करना महंगा पड़ गया। सहतवार पुलिस ने ग्राम पंचायत सचिव के खिलाफ मुकदमा दर्ज उसे हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार, सहतवार कस्बा निवासी और बैरिया ब्लॉक में तैनात ग्राम पंचायत सचिव दिग्विजय सिंह त्रिकालद्रष्टा ने अपनी फेसबुक यूजर आईडी से स्व. रामगोविंद चौधरी के खिलाफ कथित तौर पर गाली-गलौज और अशोभनीय भाषा का प्रयोग करते हुए पोस्ट किया था। पोस्ट का स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला गर्म हो गया। इस मामले में पुलिस के सोशल मीडिया सेल ने खुद संज्ञान लेते हुए सहतवार थाने में तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी ग्राम पंचायत सचिव की फेसबुक यूजर आईडी के संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस का मानना है कि सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दिवंगत नेता की छवि खराब करने तथा समाज में वैमनस्य फैलाकर शांति व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास किया गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की कार्रवाई शुरू की है। मामले की विवेचना सीओ बांसडीह जयशंकर मिश्रा को सौंपी गई है। पुलिस सोशल मीडिया पोस्ट और उससे जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
