बलिया में एसआई आत्महत्या मामले में युवती गिरफ्तार, पहले भी पुलिसकर्मी समेत कई को बना चुकी है निशाना
बलिया में एसआई आत्महत्या मामले में युवती गिरफ्तार, पहले भी पुलिसकर्मी समेत कई को बना चुकी है निशाना
बलिया। चितबड़ागांव थाना के उपनिरीक्षक संदीप कुमार की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी युवती गिरफ्तार किया है। मृतक की पत्नी ने रोली नामक युवती पर पति को परेशान करने का आरोप लगाया था। बता दें कि 14 नवंबर की शाम चितबड़ागांव थाना के उपनिरीक्षक संदीप कुमार ने ट्रेन के आगे जाकर जान दे दी थी। 15 नवंबर को मृतक की पत्नी ने चितबड़ागांव थाने में लिखित तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनके पति रोली नाम की युवती से काफी परेशान थे। इसी मानसिक परेशानी के चलते उनके पति ने सारनाथ एक्सप्रेस ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। पत्नी की तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी। इस प्रकरण में पुलिस ने रोली की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी। इसी क्रम में रविवार को थानाध्यक्ष लालमणि सरोज पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में भ्रमणशील थे। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मामले आरोपी रोली रेलवे स्टेशन के पास एक बगीचे में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश करने के लिए भेज दिया। उधर, यह भी सामने आया है कि रोली नाम की युवती पहले भी पुलिसकर्मी समेत कई लोगों को निशाना बना चुकी है। एक पुलिसकर्मी के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज करा वह भारी भरकम सरकारी आर्थिक सहायता भी ले चुकी है। हालांकि एक मामले में उसे सरकारी आर्थिक सहायता नहीं मिली क्योंकि आरोपी भी उसी वर्ग का था। सूत्रों की मानें तो रोली कई लोगों को ब्लैकमेल कर चुकी है।
