बलिया में बेकाबू कार टकराई पेड़ से, चार युवकों की मौत
बलिया में बेकाबू कार टकराई पेड़ से, चार युवकों की मौत
बलिया। नगरा थाना क्षेत्र के निछुआडीह के पास शनिवार की देरशाम हुए सड़क हादसे में कार सवार चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजवाया जहां इलाज के दौरान चारों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।बताया जाता है कि 14 नवंबर की देरशाम चार युवक कार से कहीं जा रहे थे। जैसे ही निछुआडीह के पास पहुंचे अचानक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक पेड़ से जा टकराई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। वहीं कार में सवार चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए मऊ अस्पताल भिजवाया। जहां हादसे में घायल गोलू ठाकुर (21) पुत्र कमलेश ठाकुर, कुनाल पासवान (24) पुत्र रविन्द्र पासवान और धनंजय पटेल (26) पुत्र रामप्रकाश निवासीगण गौआपार थाना नगरा तथा अभिषेक पटेल (27) पुत्र प्रमोद पटेल निवासी जमुआव, बलिया की उपचार के दौरान मौत हो गई। एक ही गांव के तीन युवकों की मौत से गौआपार गांव में मातम पसरा हुआ है। वहीं जमुआव निवासी अभिषेक पटेल की मौत से उनके परिजनों में कोहराम मचा है। इस बाबत क्षेत्राधिकारी रसड़ा रजनीश कुमार ने बताया कि नगरा थाना क्षेत्र के निछुआडीह के पास कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई थी। हादसे में घायल चारों युवकों को उपचार के लिए मऊ भेजा गया था, जहां उनकी मौत हो गई। इस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
