बलिया के डॉ. मनीष श्रीवास्तव को मिला अंतरराष्ट्रीय ट्रैवल फेलोशिप

बलिया के डॉ. मनीष श्रीवास्तव को मिला अंतरराष्ट्रीय ट्रैवल फेलोशिप
बलिया। जिले के निवासी व अमिटी यूनिवर्सिटी नोएडा के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. मनीष कुमार श्रीवास्तव को ईएससीएमआईडी, स्विट्जरलैंड (यूरोपियन सोसाइटी ऑफ क्लिनिकल माइक्रोबायोलॉजी एंड इंफेक्शियस डिजीज) की ओर से अंतरराष्ट्रीय ट्रैवल फेलोशिप प्रदान की गई है। ये भृगु आश्रम (दाल पट्टी) निवासी स्व. सतीश श्रीवास्तव (एडवोकेट) के पुत्र हैं।फेलोशिप के तहत डॉ. श्रीवास्तव अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक मंच पर अपने शोध-पत्र ‘इन-सिलिको वैक्सीन डिजाइनिंग’ प्रस्तुत करेंगे। उनका शोध वैक्सीन डिजाइनिंग के क्षेत्र में कंप्यूटर आधारित वैज्ञानिक अध्ययन से संबंधित है। मनीष इससे पहले भी अमेरिका, जर्मनी, वियतनाम और यूके के बर्मिंघम सहित विभिन्न देशों में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में अपने कई शोध-पत्र प्रस्तुत कर चुके हैं। वर्ष 2022 में उनकी अमेरिका यात्रा के लिए भारत सरकार ने वित्तीय सहयोग प्रदान किया था।इनके एक भाई सिविल जज और दूसरे भाई इंजीनियर हैं। अंतरराष्ट्रीय मंचों पर लगातार अपने शोध कार्य प्रस्तुत कर रहे डॉ. मनीष की इस उपलब्धि से अमिटी यूनिवर्सिटी नोएडा के साथ-साथ उनके गृह जनपद के लोगों में भी खुशी है। उनकी यह उपलब्धि देश के शोध एवं वैज्ञानिक क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है।
