बलिया में इंश्योरेंस कंपनी के ब्रांच मैनेजर पर जानलेवा हमला, 1.10 लाख की छिनैती का आरोप

0

बलिया में इंश्योरेंस कंपनी के
ब्रांच मैनेजर पर जानलेवा हमला, 1.10 लाख की छिनैती का आरोप

तीन नामजद व दो-तीन अज्ञात के खिलाफ तहरीर, पुलिस जांच में जुटी

बलिया। सुखपुरा थाना क्षेत्र के बनरही गांव में रविवार की रात ग्लैक्सी हेल्थ इंश्योरेंस कंपनी के बलिया शाखा प्रबंधक पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर करीब 1.10 लाख रुपये छीनने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल ब्रांच मैनेजर सुरेंद्र कुमार ने थाने में तीन नामजद समेत दो-तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
तहरीर के अनुसार, सुरेंद्र कुमार 13 सितंबर की शाम करीब सवा आठ बजे बाइक से बलिया से अपने घर बनरही जा रहे थे। बताया है कि गांव के बीच रास्ते में मूंजवानी के पीछे छिपे लोगों ने अचानक उनकी बाइक रोक ली। आरोप है कि सभी ने लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया।
पीड़ित के मुताबिक, हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए उनकी जेब और बाइक की डिक्की में रखे करीब एक लाख दस हजार रुपये निकाल लिए और मौके से भाग निकले। मारपीट में गंभीर रूप से घायल सुरेंद्र कुमार सड़क पर गिर पड़े।
घटना की जानकारी मिलने पर उनके पिता शिवनारायण, बेटी खुशी समेत परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और उन्हें जिला अस्पताल ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने आगे की जांच व उपचार के लिए उन्हें रेफर कर दिया।
घायल ब्रांच मैनेजर ने नामजद आरोपियों समेत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और आरोपों की पुष्टि के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *