बलिया में बाढ़ के पानी में दो किशोर डूबे, दोनों का शव बरामद

बलिया में बाढ़ के पानी में दो किशोर डूबे, दोनों का शव बरामदबलिया। दुबहर थाना क्षेत्र के टेकार पुलिया के पास गंगा नदी के बाढ़ के पानी में स्नान करते वक्त चार युवक डूबने लगे। आसपास के लोगों ने दो युवकों को किसी तरह बचा लिया जबकि दो युवक डूब गए। सूचना पर पहुंची दुबहर थाना पुलिस व एनडीआरएफ टीम काफी मशक्कत के बाद डूबे दो युवकों के शव को बाहर निकाल अग्रिम कार्रवाई में जुट गई। मृतकों की शिनाख्त अभिषेक 16 पुत्र अजय शंकर तथा अनीस अंसारी 17 पुत्र चुन्नू अंसारी निवासी रघुनाथपुर के रूप में की गई।बताया जाता है कि दुबहर थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव निवासी पांच दोस्त दो बाइक से दुबहर-बलिया बंधा स्थित ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे को जोड़ने वाले मार्ग पर टेकार पुलिया (मां काली मंदिर) माधोमठ के पास पहुंचे। जहां बाइक खड़ा कर चार दोस्त स्नान करने लगे। जबकि पांचवा बाहर खड़ा रहा। स्नान करते वक्त चारों दोस्त डूबने लगे। बाहर खड़े युवक के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। जिनके अथक प्रयास से दो युवकों को बचा लिया गया। जबकि दो डूब गए। सूचना मिलते ही दुबहर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन में जुट गई। कुछ ही देर में एनडीआरएफ टीम भी मौके पर पहुंच गई और डूबे किशोरों की तलाश शुरू कर दी। काफी मशक्कत के बाद दोनों के शव को बाहर निकाल पुलिस अग्रिम कार्रवाई में जुट गई।
