बलिया में अतिक्रमण हटाने के दौरान युवक ने मचाया उत्पात, प्रशासनिक टीम ने संभाला मोर्चा

0

बलिया में अतिक्रमण हटाने के दौरान युवक ने मचाया उत्पात, प्रशासनिक टीम ने संभाला मोर्चा

बलिया। जिले के मनियर थाना क्षेत्र के विक्रमपुर दक्षिण (गंगापुर) गांव में रविवार को सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम को विरोध का सामना करना पड़ा। अचानक एक युवक ने अपने शरीर पर डीजल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास किया। यही नहीं युवक ने अपनी रिहायशी झोपड़ी में भी आग लगा दी जो धू-धूकर जलने लगी। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने युवक को बचाने का प्रयास किया। इस दौरान परिजनों और पुलिस के बीच हल्की झड़प भी हुई। हालांकि पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर स्थिति संभाली और उस बेहोशी की हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। राजन लाल श्रीवास्तव की अपील पर हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में प्रशासन की ओर से कार्रवाई की गई।
बताया जाता है कि गांव में सड़क किनारे स्थित सरकारी जमीन पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए रविवार को तहसीलदार बांसडीह नितिन कुमार सिंह के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम बुलडोजर लेकर पहुंची थी। कार्रवाई शुरू होते ही अतिक्रमणकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच कहासुनी और नोकझोंक होने लगी। इसी दौरान मांगुर गोंड के पुत्र डब्लू गोंड ने अपने शरीर पर डीजल छिड़क लिया और झोपड़ी में आग लगा दी। अचानक हुई इस घटना से मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। पुलिस ने तत्काल युवक को काबू में लेकर बचाया। इसी दौरान युवक बेहोश हो गया और झोपड़ी में लगी आग पर भी काबू पाया गया। यह देख तहसीलदार ने उच्चाधिकारियों ममलेसे अवगत कराया। इसके बाद एसडीएम बांसडीह पुष्कर मिश्रा, क्षेत्राधिकारी जयशंकर मिश्रा सहित कई थानों की पुलिस फोर्स और अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा। प्रशासनिक टीम ने अतिक्रमण वाले हिस्सों को हटाया। हालांकि, प्रशासन ने मौके पर पक्के मकानों को तत्काल नहीं गिराया। इस बाबत एसडीएम पुष्कर मिश्रा ने बताया कि शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रभावित लोगों को मुआवजा देने और अन्यत्र पुनर्वासित करने की प्रक्रिया पूरी करने के बाद पक्के मकानों को हटाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *