बलिया समेत प्रदेश के चार तहसीलदार व एक नायब तहसीलदार सस्पेंड
बलिया समेत प्रदेश के चार तहसीलदार व एक नायब तहसीलदार सस्पेंड
बलिया। मुख्यमंत्री के निर्देश परराजस्व परिषद की आयुक्त एवं सचिव कंचन वर्मा ने प्रदेश के सभी राजस्व न्यायालयों में उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता, 2006 की धारा-34 के तहत दाखिल वादों की गहन समीक्षा की। कार्यों में लापरवाही व अन्य आरोपों में आयुक्त ने बलिया के सदर तहसीलदार अतुल हर्ष समेत चार तहसीलदारों व एक नायब तहसीलदार को सस्पेंड कर दिया। इस कार्रवाई से बलिया में हलचल मची हुई है। बताया जाता है कि लगातार शासन तक हो रही शिकायतों पर बलिया तहसीलदार पर गाज गिरी है। चर्चा है कि सदर तहसील का जिम्मा सम्भालने के बाद से अतुल हर्ष के द्वारा फाइलों का निपटारा समय से नहीं किया जा रहा था। इसको लेकर वादकारियों और अधिकारियों में नाराजगी थी। सूत्रों की मानें तो दाखिल-खारिज के साथ ही हैसियत प्रमाण पत्र जारी करने में बेवहजह देरी की जा रही है। इसके चलते कई लोगों को हाईकोर्ट जाना पड़ा था। बताया जाता है कि तहसीलदार कोर्ट से बगैर किसी सक्षम अधिकारी के हस्ताक्षर के आदेश पोर्टल पर अपलोड हो गया था। यही नहीं वर्तमान में बीते दो माह पहले तक के निबंधन दस्तावेजों की इंट्री सदर तहसीलदार कोर्ट में रुकी पड़ी है। जबकि शासन की ओर से 35 दिनों में दाखिल खारिज करने का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा कई लोगों की जमीनी वाद से जुड़ी फाइलें भी गायब हो गयी हैं। कुछ लोगों ने इसकी भी शिकायत शासन स्तर पर की थी। पैमाइश जैसे महत्वपूर्ण कार्य उच्चाधिकारियों के आदेश के बावजूद समय पर नहीं हो पा रहा था। यहां तक कि तहसीलदार के कार्यकाल में लेखपाल भी मनमाने तरीके से कार्य कर रहे थे। तमाम शिकायतों के बावजूद तहसीलदार आला अफसरों के कृपापात्र बने हैं थे। इस तरह की शिकायतों के बाद राजस्व परिषद की ओर से यह कार्रवाई की गयी है। विभागीय लोगों का कहना है कि इस पूरे प्रकरण की जांच में अभी कई पर कार्रवाई होने की आशंका है।
—–
इनके खिलाफ हुई कार्रवाई
– तहसीलदार पवन कुमार सिंह, जो प्रतापगढ़ की पट्टी तहसील में तत्कालीन प्रभारी तहसीलदार रहे और वर्तमान में प्रयागराज में तहसीलदार हैं।
– तहसीलदार अतुल हर्ष, तहसील बलिया।
– तहसीलदार हरेराम यादव, जो धनघटा में तत्कालीन नायब तहसीलदार रहे और वर्तमान में गोंडा में तहसीलदार हैं।
– तहसीलदार आनंद ओझा, तहसील खलीलाबाद संतकबीरनगर।
– नायब तहसीलदार विवेक कुमार सिंह, तहसील सरोजनीनगर, लखनऊ।
