बलिया में पूर्व प्रधान हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, दो गिरफ्तार

बलिया में पूर्व प्रधान हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, दो गिरफ्तार
एसपी ने पुलिस टीम को 25 हजार इनाम देने का किया एलान
बलिया। सहतवार थाना क्षेत्र के उदहा गांव में गुरुवार की रात हुई पूर्व प्रधान की हत्या का पुलिस ने 24 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया और दो आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। तेजी से किए गए खुलासा पर पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने पुलिस की संयुक्त टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।
पुलिस के अनुसार 23 जुलाई की रात उदहां गांव के पूर्व प्रधान व्यास वर्मा की खेत में स्थित झोपड़ी में हत्या कर दी गई थी। इस मामले में सहतवार पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
जांच के दौरान थाना पुलिस और स्वाट टीम ने वैज्ञानिक साक्ष्यों एवं पूछताछ के आधार पर हत्या का खुलासा किया। पुलिस के अनुसार घटना के पीछे पुरानी रंजिश और जमीन का विवाद मुख्य वजह रहा। जांच में सामने आया कि एक आरोपी शिवम वर्मा अपने पिता और नाना के साथ मृतक द्वारा पूर्व में की गई मारपीट को लेकर रंजिश रखता था, जबकि दूसरा आरोपी गोपाल वर्मा का मृतक से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। गुरुवार की रात दोनों आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से व्यास वर्मा की ईंट से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस टीम ने शिवम वर्मा पुत्र स्व. राम उदार वर्मा निवासी ग्राम उदहा जो मूल निवासी सिकंदरपुर मुस्तफाबाद के पिता नवरसे पर रहते हैं। गोपाल वर्मा पुत्र हृदयानंद वर्मा निवासी उदहा को त्रिकालपुर अतरडरिया तिराहा से गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। आरोपी शिवम की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त सामग्री आदि बरामद किया गया।
