बलिया में पुलिस की पिटाई से युवक की मौत, एसआई व प्रधान समेत 6 पर केस, आरोपी पुलिसकर्मी सस्पेंड

बलिया में पुलिस की पिटाई से युवक की मौत, एसआई व प्रधान समेत 6 पर केस, आरोपी पुलिसकर्मी सस्पेंड
बलिया। जिले के रेवती थाना क्षेत्र के गायघट निवासी युवक की पुलिस की पिटाई से मौत होने का आरोप परिजनों ने लगाया है। शव के गांव पहुंचने पर परिजनों व ग्रामीणों ने रेवती-बलिया मुख्य मार्ग जाम कर आरोप लगाया कि चार दिनों पहले पुलिस उसे थाने ले गई थी जहां उसकी पिटाई कर छोड़ दिया। शाम को युवक बेहोशी की हालत में बगीचे में पड़ा मिला। परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर हालत में बीएचयू रेफर किया गया। इलाज के दौरान 10 जुलाई की रात युवक ने दम तोड़ दिया। शनिवार की देरशाम पोस्टमॉर्टम के बाद उसका शव गांव पहुंचा।
सूचना पर एएसपी व एसडीएम के साथ कई थानों की फोर्स पहुंची। अफसरों ने परिजनों से बातचीत कर जाम खुलवाया। इसके बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए। इस मामले में सब-इंस्पेक्टर, सिपाही, ग्राम प्रधान समेत छह लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।
बताया जाता है कि गायघाट गांव निवासी कामजी गोंड (42) राजमिस्त्री का काम करते थे। बीते
7 जुलाई की शाम को कामजी का बेटा विशाल मीट खरीदने सूरज कनौजिया की दुकान पर गया था। इस दौरान दोनों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। सूरज और उसके रिश्तेदार विशाल को लाठी-डंडा लेकर मारने दौड़े तो विशाल वहां से भाग कर घर आ गया। इसके बाद सूरज, ग्राम प्रधान व उनके ड्राइवर के साथ थाने पहुंच कर विशाल के खिलाफ शिकायत की। परिजनों के अनुसार 8 जुलाई की दोपहर रेवती थाने के एसआई सचिन सरोज और कॉन्स्टेबल अंकित सिंह विशाल के घर पहुंचे और विशाल के पिता कामजी को थाने ले गए। आरोप है कि वहां कामजी को जमकर मारा-पीटा गया। इसके बाद पुलिस ने कामजी को छोड़ दिया।
बेटे विशाल ने आरोप लगाया कि शाम को कामजी को ईंट भट्ठे पर ले जाया गया। वहां उनके साथ फिर से मारपीट की गई। इसके बाद बच्चों ने ठगनी माई के बगीचे में कामजी को पड़ा देखा। तब उन्होंने विशाल को बताया कि उनके पिता कामजी बेहोशी की हालत में पड़े हैं।
परिजन कामजी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेवती ले गए जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल ने बीएचयू रेफर कर दिया। वहां ट्रामा सेंटर में 10 जुलाई की रात उनकी मौत हो गई। बीएचयू में ही कामजी का पोस्टमॉर्टम किया गया।शनिवार की रात कामजी का शव घर पहुंचा। रविवार की ग्रामीणों और परिजनों ने रेवती-बलिया मुख्य मार्ग पर जाम लगा दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
सूचना पाकर मौके पर एएसपी दक्षिणी संजय वर्मा, एसडीएम बांसडीह अभिषेक प्रियदर्शी, सीओ बैरिया आलोक कुमार गुप्ता और सीओ मंजरी राव समेत विभिन्न थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घरवालों से बातचीत की और आधे घंटे बाद जाम समाप्त करवाया। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर ग्राम प्रधान आशुतोष शंकर सिंह, एसआई सचिन सरोज, सिपाही अंकित सिंह, संतोष और सूरज समेत छह लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।
इस बाबत डीआईजी आजमगढ़ सुनील कुमार ने बताया आरोपी पुलिसकर्मियों को निलंबित कर जांच कराई जा रही है।
