एनएससीटी ने 50-50 रुपये से की 7.11 लाख की मदद

*एनएससीटी ने 50-50 रुपये से की 7.11 लाख की मदद*
*# अलर्ट तीन में प्रदेश के 14190 और जनपद के 836 सदस्यों ने किया अंशदान*
बलिया। ‘हम सबका, हम सबके लिए, हम सबके द्वारा’ की भावना से गठित नेशनल सेल्फ केयर टीम (एनएससीटी) ने पुनः मानवता की मिसाल पेश करते हुए एक परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की है। टीम ने सहयोग अलर्ट 3 में मृतक शत्रुध्न वर्मा के परिवार को करीब 7 लाख 11 हजार रुपये से अधिक की मदद पहुंचाई है। यह सहायता राशि मृतक की पत्नी सुनैना देवी के बैंक खाते में हस्तांतरित की गई।
शत्रुध्न वर्मा, जो देवरिया कला के निवासी थे, के असामयिक निधन के बाद उनके परिवार को आर्थिक संबल देने के उद्देश्य से यह पहल की गई।
संस्था के संस्थापक विवेकानंद ने बताया कि टीम का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को समय पर सहायता उपलब्ध कराना है। टीम के सदस्यों के छोटे-छोटे योगदान से ही बड़ी मदद संभव हो पाती है। एनएससीटी के पहले सहयोग में 11705, दूसरे सहयोग में 12870 और तीसरे सहयोग में 14190 सदस्यों ने योगदान किया है। बहुत जल्द यह संख्या 25 हजार के पार होगी। टीम का मुख्य उद्देश्य जरूरत के समय अपने सदस्यों और उनके परिजनों के साथ खड़ा रहना है। भविष्य में भी इसी प्रकार अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों को कन्या विवाह, इलाज आदि के लिए सहायता दी जायेगी, ताकि समाज में सहयोग और संवेदनशीलता की भावना को और मजबूत किया जा सके।
जिलाध्यक्ष उमेश कुमार ने बताया किv टीम से जुड़े हजारों सदस्यों ने 50-50 रुपये का छोटा-छोटा योगदान देकर इस बड़ी राशि को एकत्र किया। अलर्ट 3 में जिले के 836 सदस्यों ने सहयोग किया है। इस तरह के सामूहिक प्रयास से जरूरतमंद परिवारों तक त्वरित सहायता पहुंच रही है।
————–
*टीएससीटी को मजबूत बनाने की बनी रणनीति*
*# जिला व ब्लाक इकाई की संयुक्त बैठक*
*बलिया।* टीचर्स सेल्फ केयर टीम (टीएससीटी) की जिला व ब्लाक इकाइयों ने रविवार को अपराह्न संगठन को मजबूर बनाने, सहयोग के मामले में प्रदेश के टॉप फाइव की सूची में शामिल होने और कन्यादान योजना से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने की रणनीति बनाई।
नगर कदम चौराहा के आगे स्थित संत बैठा वीर बाबा मंदिर के सभागार में रविवार शाम आयोजित बैठक में जिला संयोजक सतीश सिंह ने कहा कि सहयोग के मामले में जिला पूरे प्रदेश में सातवें स्थान पर है। यहां करीब साढ़े छह हजार सदस्य प्रतिमाह अपने मृतक साथियों के परिवारों को सहयोग कर रहे हैं। इस संख्या को और बढ़ाने की आवश्यकता है। ताकि शिक्षा विभाग से जुड़े प्रत्येक कर्मी का परिवार टीएससीटी के सुरक्षा घेरे में आ जाये।
जिला प्रवक्ता चन्द्रशेखर पासवान ने कुछ पदाधिकारियों की निष्क्रियता पर नाराजगी जताते हुए ऐसे लोगों की सूची उपलब्ध कराने को कहा ताकि कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कन्यादान योजना से अधिक से अधिक सदस्यों को जोड़ने की अपील की।
बैठक में टीएससीटी की सहयोगी संस्था नेशनल सेल्फ केयर टीम (एनएससीटी) पर भी चर्चा हुई और बताया गया कि 18 से 60 साल का कोई भी व्यक्ति (शिक्षा विभाग के कर्मियों को छोड़कर) इससे जुड़ सकता है। टीएससीटी की ही तरह एनएससीटी से जुड़े सदस्यों के साथ कुछ अनहोनी होने पर उनके परिवार की मदद की जाती है।
बैठक में सतीश मेहता, सन्नी सिंह, संजय कन्नौजिया, विजय राय, अब्दुल अंसारी, दिनेश वर्मा, राजेश जायसवाल, अंजनी मिश्र, सीताराम पांडे, सुरेश कुमार, अनिल कुमार, ललित मोहन सिंह, रामनारायण यादव, धनंजय शर्मा, संजय गुप्त, अरुण कांत, घनश्याम यादव, शक्तिवेश सिंह, अरुण सिंह, अमरेश कुमार, सूर्य प्रकाश यादव, राजन कुमार, राजकुमार यादव आदि थे। संचालन लालजी यादव ने किया।
