बलिया में दबंगों ने महिलाओं को पीटा, एक की मौत, तीन हिरासत में
बलिया में दबंगों ने महिलाओं को पीटा, एक की मौत, तीन हिरासत में
बलिया। गड़वार थाना क्षेत्र के नगर पंचायत रतसड़ कला में दबंगों ने जमीनी विवाद को लेकर दो महिलाओं को मारपीट कर घायल कर दिया। एक महिला की मौत के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तीन नामजदों को हिरासत में लिया है। हालांकि यह मामला तीन दिनों पहले 10 नवम्बर का बताया जा रहा है जो अब सामने आया हैै।नगर पंचायत रतसड़ कला वार्ड 4 निवासी हीरालाल राजभर ने पुलिस को तहरीर दी है। तहरीर में उल्लेख किया है कि उसकी पत्नी आशा देवी पुस्तैनी जमीन पर भैंस बांधने गई थी। इसी बीच गांव के विपक्षियों ने एकजुट होकर लाठी डंडे से हमला कर दिया। उन्हें बचाने के लिए निराशा देवी (40) पत्नी हरेन्द्र राजभर आई तो विपक्षियों ने उन्हें भी मारपीट कर घायल कर दिया। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान निराशा देवी की मौत हो गई।पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया। इस बाबत क्षेत्राधिकारी नगर सतीश कुमार शर्मा ने बताया कि सूचना पर पुलिस बल के साथ उच्चाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मृतका के परिजनों से वार्ता की। साथ ही नामजद तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।
