बलिया में रामप्यारे के परिवार को टीएससीटी देगी 50 लाख की आर्थिक सहायता

बलिया में रामप्यारे के परिवार को टीएससीटी देगी 50 लाख की आर्थिक सहायता
सड़क हादसे में हुई थी रामप्यारे की मौत
बलिया। शिक्षाधिकारियों, शिक्षकों, शिक्षा मित्रों, अनुदेशकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के कल्याण के लिए कार्य करने वाली संस्था टीचर्स सेल्फ केयर टीम (टीएससीटी) जिले के सीयर ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय तेलमा के दिवंगत शिक्षक रामप्यारे की पत्नी मीना को अगले पखवारे करीब पचास लाख रुपये की आर्थिक मदद करेगी। इसके लिए टीएससीटी की जिला टीम गुरुवार की शाम उनके बिल्थरारोड बस स्टैंड के पीछे स्थित आवास पर पहुंची। टीम ने सहयोग के लिए बैंक खाता संख्या समेत अन्य आवश्यक कागजात प्राप्त किये।टीएससीटी प्रदेश के चार लाख 30 हजार से अधिक शिक्षा अधिकारियों, शिक्षकों, शिक्षा मित्रों, अनुदेशकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की टीम है जो अपने किसी सदस्य की मृत्यु पर पीड़ित परिवार की आर्थिक मदद करती है। पिछले माह प्रदेश के बीस परिवारों को करीब 50-50 लाख रुपए की धनराशि मिली थी। इस माह 15 अक्टूबर से फिर से मदद की प्रक्रिया शुरू होगी जिसमें दिवंगत सदस्यों के पति, पत्नी या किसी परिजन के बैंक खाते में टीएससीटी से जुड़े प्रदेश के कुल सदस्यों में से करीब 80 फीसदी सदस्य प्रत्येक परिवार को 15-15 रुपये का सहयोग करेंगे। इस माह जारी होने वाली सूची में दिवंगत शिक्षक रामप्यारे की पत्नी मीना देवी का भी नाम शामिल रहेगा। मऊ जनपद के मूल निवासी रामप्यारे अपने पीछे पत्नी के अलावा तीन नाबालिग संतानों (दो बेटी व एक बेटा) को छोड़ गए हैं।
————–
पूरे प्रांत के शिक्षक आपके साथ हैं: विवेकानंद
दिवंगत शिक्षक के घर पहुंचे पदाधिकारियों व सदस्यों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित करके श्रद्धाजंलि दी। पत्नी के अलावा पुत्री साक्षी व सौम्या और पुत्र श्रेयांस को ढाढ़स बंधाया। इसी बीच, संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेकानंद ने मीना सिंह से फोन पर बात करके विश्वास दिलाया कि संकट की इस घड़ी में पूरे प्रदेश के शिक्षक परिवार के सदस्य की तरह उनके साथ खड़े हैं। इस दौरान प्रभाकर तिवारी, सतीश सिंह, चंद्रशेखर पासवान, सतीश मेहता, लालजी यादव, संजय कन्नौजिया, राजेश जायसवाल, अब्दुल अंसारी, संजीव वर्मा, आशुतोष तरुण पांडे, आमिर शमशाद, सुरेश कुमार, आलोक सिंह, नीतीश त्रिपाठी, जितेन्द्र यादव, रवि गुप्त आदि थे।
————
जिले के नौ परिवारों की हो चुकी है मदद
टीएससीटी अबतक जिले के नौ दिवंगत शिक्षक/शिक्षामित्र के परिजनों की मदद कर चुकी हैं। इसमें पिछले माह बभनौली (बेरुआरबारी) दिवंगत शिक्षक राकेश सिंह के अलावा सत्येन्द्रनाथ त्रिपाठी (सरयां डीहूभगत, बिल्थरारोड), अशोक यादव (जिगड़ीसर, मनियर), लालजी राम (छितौना, नगरा), दिनेश दूबे (निपनिया, मनियर), राजकुमार पांडे (बांसडीह), रिंटू राय (संदवापुर, पंदह), सुरेन्द्रनाथ सिंह (शिवपुर, बसंतपुर) व शाहनवाज अहमद (पिपरौली, सीयर) का परिवार शामिल है।
