बलिया में किराना दुकान में लगी आग, मां बेटे की मौत, पति छत से कूदने से घायल

बलिया में किराना दुकान में लगी आग, मां बेटे की मौत, पति छत से कूदने से घायल
बलिया। गड़वार थाना क्षेत्र के चिलकहर बाजार स्थित एक किराना दुकान में रविवार की देर रात लगी आग में मां-बेटे की मौत हो गई। पति जान बचाने की कोशिश में घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन की टीम पहुंची और ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। उधर, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
बताया जाता है कि चिलकहर बाजार में नीरज चौरसिया की किराना की थोक दुकान है। दुकान के ऊपर ही उनका परिवार रहता था। रविवार की देर रात किन्हीं कारणों से दुकान में आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरी दुकान को चपेट में ले लिया। दुकान से बाहर निकलने का कोई दूसरा रास्ता नहीं होने की वजह से नीरज चौरसिया की पत्नी रिंकी चौरसिया (25) तथा पांच वर्षीय बेटा धीरज आग में फंस गए जिससे उनकी मौत हो गई। वहीं, नीरज चौरसिया जान बचाने के लिए छत से कूद पड़े जिससे उनका पैर टूट गया। उन्हें इलाज के लिए ट्रामा सेंटर बलिया में भर्ती कराया गया है।
