बलिया : आयुष्मान कार्ड में लापरवाही, डीएम ने चार ब्लॉकों से मांगा स्पष्टीकरण

0

बलिया : आयुष्मान कार्ड में लापरवाही, डीएम ने चार ब्लॉकों से मांगा स्पष्टीकरण

स्वास्थ्य केंद्रों में संसाधन बढ़ाने पर जोर, शासन को भेजा जाएगा प्रस्ताव

जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में डीएम ने की समीक्षा

बलिया। जिला स्वास्थ्य समिति/शासी निकाय की बैठक मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में जिले की स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि मंडल स्तर पर किसी भी प्रकार की खराब स्थिति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने जिला अस्पताल में सीटी स्कैन एवं एक्स-रे मशीनों के संचालन और उनकी कार्य क्षमता की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि जिला अस्पताल के लिए एक सीटी स्कैन और दो एक्स-रे मशीनों की मांग का पत्र शासन स्तर पर भेजा जाए। साथ ही सभी सीएचसी/पीएचसी में स्थापित एक्स-रे मशीनों के संचालन तथा वहां उपलब्ध जांच सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी को अवगत कराया गया कि सभी सीएचसी/पीएचसी पर जनरेटर चालू स्थिति में हैं तथा 25 किलोवाट जनरेटर की मांग का प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है। आयुष्मान भारत योजना के तहत आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने पाया कि विकास खंड सोहांव, दुबहर, बांसडीह एवं चिलकहर में लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति संतोषजनक नहीं है। इस पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने सीएमओ को निर्देश दिया कि संबंधित विकास खंडों से स्पष्टीकरण लिया जाए। उन्होंने कहा कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने सभी सीएचसी/पीएचसी के चिकित्सकों को निर्देश दिए कि जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं के कार्यों में तेजी लाएं और आमजन को बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करें। बैठक में सीडीओ ओजस्वी राज, सीएमओ डॉक्टर विजय यादव एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं संबंधित कर्मचारी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *