बलिया के नरही थाना क्षेत्र से जारी है शराब तस्करी, पुलिस ने पकड़ी 75 लाख की खेप

बलिया के नरही थाना क्षेत्र से जारी है शराब तस्करी, पुलिस ने पकड़ी 75 लाख की खेप
अंडे के गत्ते में छिपा ट्रक से ले जा रहे थे बिहार
बलिया। यूपी बिहार की सीमा पर नरही थाना क्षेत्र से शराबकि तस्करी रुकने का नाम नहीं ले रहा। हालांकि पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार भी किया है। लेकिन बलिया मार्ग पर लगे चेक पोस्ट से यह ट्रक पार कैसे किया इसको लेकर सवाल भी उठने लगे हैं।
पुलिस के अनुसार 18 जनवरी को थानाध्यक्ष नरही वीरेन्द्र कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ उजियार घाट कोरण्टाडीह चौकी पर कानून एवं शांति व्यवस्था ड्यूटी में मौजूद थे। इसी दौरान सूचना मिली कि गाजीपुर की ओर से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे होते हुए एक ट्रक शराब लेकर बिहार जा रहा है। बिहार के बक्सर बॉर्डर पर चेकिंग के कारण रास्ता बदलकर बलिया की ओर जा रहा है। जबकि भरौली चौराहे के बलिया मार्ग पर हमेशा पुलिसकर्मियों की तैनाती रहती है। यहां ट्रकों की पड़ताल के बाद ही बलिया मार्ग पर जाने दिया जाता है। हालांकि नरही पुलिस ने ट्रक का पीछा कर सोहांव पेट्रोल पंप के पास पकड़ लिया। तलाशी के दौरान ट्रक से 110 बंडल अंडे के गत्ते की आड़ में छिपाकर रखी गई कुल 9086.4 लीटर अंग्रेजी शराब पकड़ी गई। पुलिस ने इसकी अनुमानित कीमत 75 लाख रुपये बताई है पुलिस ने शराब को बरामद करते हुए ट्रक को कब्जे में ले लिया। मौके से अचला राम पुत्र भगवाना राम, निवासी मिठी बेरी, गोलिया जैतमाल, जिला बाड़मेर (राजस्थान) को गिरफ्तार किया गया।
