बलिया में महिला का अपहरण, पुलिस ने वाहन की डिग्गी से किया बरामद

0

बलिया में महिला का अपहरण, पुलिस ने वाहन की डिग्गी से किया बरामद

बलिया। सिकन्दरपुर थाना क्षेत्र में एक महिला के अपहरण की घटना सामने आई है। पुलिस ने बड़ी वारदात को समय रहते नाकाम कर दिया। बदमाशों द्वारा महिला को नशीला पदार्थ सूंघाकर वाहन की डिग्गी में बंद कर दिया गया था।
बताया जाता है कि ग्राम उचवार निवासी नीतिश कुमार पुत्र कन्हैया राम ने थाना सिकन्दरपुर में तहरीर देकर बताया कि उनकी बुआ सरस्वती (55) पत्नी स्व. चन्दमा राम, वर्तमान में ग्राम बेलसड़ी थाना नगरा में रहती हैं। बीते सोमवार को वह ग्राम उचवार आई थीं। शाम के समय दवा लेने के लिए वे रामपुर कट्टराई गई थीं। दवा लेने के बाद झाड़-फूंक कराने के उद्देश्य से रामपुर कट्टराई से ग्राम किकोरा जा रही थीं। इसी दौरान संदवापुर गांव के पास बाईक सवार दो युवकों ने उन्हें बहला-फुसलाकर ग्राम उचवार छोड़ने का झांसा दिया। भरोसा कर महिला उनके साथ बाईक पर बैठ गई, लेकिन आरोपी उन्हें गलत रास्ते पर ले जाने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने महिला को आगे ले जाकर एक वाहन के पास रोका जहां उन्हें नशीला पदार्थ सूंघा दिया गया। महिला के बेहोश होने पर आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ उन्हें वाहन की डिग्गी में बंद कर फरार हो गए। देररात पीड़िता ने किसी तरह अपने मोबाइल से भतीजे नीतिश कुमार को फोन कर आपबीती बताई। सूचना मिलते ही नीतिश कुमार बीछी बोझ चौराहे पहुंचे, जहां सड़क किनारे एक संदिग्ध वाहन खड़ा मिला। फोन करने पर वाहन की डिग्गी से मोबाइल की घंटी सुनाई दी तो सिकन्दरपुर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने वाहन की डिग्गी खोलकर महिला को सुरक्षित बाहर निकाला। आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों द्वारा महिला के साथ कोई बड़ी आपराधिक घटना करने की योजना थी।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *