बलिया में स्वामी सहजानंद की प्रतिमा हटाने को लेकर ग्रामीणों ने भरी हुंकार, आर-पार की दी चेतावनी

बलिया में स्वामी सहजानंद की प्रतिमा हटाने को लेकर ग्रामीणों ने भरी हुंकार, आर-पार की दी चेतावनी
बलिया। भरौली बक्सर के बीच गंगा नदी पर नये तीन लेन पुल निर्माण चल रहा है। इसकी जद में स्वामी सहजानंद सरस्वती पार्क भी आ रहा लिहाजा स्वामी जी की प्रतिमा को अन्यत्र स्थानांतरित करने का फरमान प्रशासन ने दिया है। इसकी जानकारी होने पर रविवार को स्वामी सहजानंद सरस्वती पार्क में बलिया, गाजीपुर बक्सर जिले के लोग पहुंचे और जिलाधिकारी बलिया तथा एनएचएआई के निर्णय का विरोध किया। यहां पार्क में एक सभा आयोजित की गई जिसमें वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि एनएचएआई को डीपीआर ठीक करना होगा, पार्क और प्रतिमा के साथ कोई छेड़छाड़ मंजूर नहीं होगी। स्वामी जी केवल भरौली के नहीं हैं वे पूरे देश के समाज सेवी और स्वतंत्रता सेनानी थे। वक्ताओं ने कहा कि बड़ी तकलीफ झेलकर बुजुर्गों ने यहां प्रतिमा स्थापित की अब इसे बचाने की जिम्मेदारी हमारी है। चेताया कि अगर डीएम ने हमारी भावनाओं की कद्र नहीं की तो बड़ा आंदोलन खड़ा किया जाएगा। चित्तू पांडेय, मंगल पांडेय सहित अनेक महापुरुषों की प्रतिमाएं सड़क पर है, यहां भी जगह की कमी नहीं है प्रशासन ठीक से डीपीआर तैयार कराए। अध्यक्षीय भाषण करते हुए अक्षय कुमार राय ने कहा कि अगर हमारी समस्या को नहीं सुना गया तो हम समस्या खड़ी कर देंगे।लडाई रुकेगी नहीं, प्रशासन के मुकदमों से हम पीछे नहीं हटेंगे। यह भी निर्णय लिया गया कि जल्द ही एक प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी से मिलकर पार्क और प्रतिमा को अन्यत्र स्थानांतरित न करने का निवेदन करेगा अन्यथा की स्थिति में क्रमिक अनशन किया जाएगा। सभा की अध्यक्षता अक्षय कुमार राय और संचालन विनोद कुमार राय ने किया। सभा को कमल देव सिंह, अंजनी राय, रमाशंकर राय, अवधेश ठाकुर, अभिनेता गोपाल राय, रोहिणी पांडेय, सर्वदेव राय, विभव शंकर ठाकुर, वंश नारायण राय, चंद्र मणि राय आदि ने संबोधित किया।इस दौरान प्रशांत राय, देवेन्द्र राय राकेश रंजन राय, सुशील राय, दर्शन तिवारी, कृष्णा नंद पांडेय, रामाशंकर चौधरी, नीतेश राय रणविजय राय, डॉ विमलेश राय, मुलायम पासवान,विजय चौधरी, मीरा पटेल, मनोरमा शर्मा, कमलेश पांडेय, कृष्ण देव राय,भरत राय, सुधीर राय महेश तिवारी सहित सैकड़ों लोग रहे।
