बलिया में 25 हजार का इनामिया पशु तस्कर मुठभेड़ में गिरफ्तार

बलिया में 25 हजार का इनामिया पशु तस्कर मुठभेड़ में गिरफ्तार
पुलिस की कार्रवाई को लेकर उठ रहे सवाल
बलिया। 25 हजार के इनामिया पशु तस्कर को नरही पुलिस ने गुरुवार की देर रात थाना क्षेत्र के कारो मार्ग पर हुई मुठभेड़ में आत्मरक्षार्थ कार्रवाई में गोली मार गिरफ्तार किया। गोली तस्कर के दाहिने पैर में लगी। घायल के पास से एक असलहा, दो कारतूस बरामद किया। घायल का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। उधर, पुलिस की इस कार्रवाई पर लोग सवाल भी उठा रहे हैं।
फजल उर्फ करिया पुत्र हगनु नट निवासी तेतारपुर थाना नरही के खिलाफ थाना नरही में दर्ज धारा 3/8 गौवध निवारण अधिनियम व धारा 11 पशु क्रूरता अधि से सम्बंधित 25 हजार का इनामिया व वांछित आरोपी है। पशु तस्करी के इस आरोपी की तलाश पुलिस लम्बे समय से कर रही थी। इस बाबत अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी कृपाशंकर ने बताया कि नरही पुलिस ने गुरुवार की रात कारो मार्ग पर हुई मुठभेड़ में आत्मरक्षार्थ कार्रवाई करते हुए पशु तस्कर के दाहिने पैर में गोली मार गिरफ्तार किया। वहीं उसके पास से एक तमंचा व दो कारतूस बरामद किया है। घायल का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।
उधर, कुछ लोगों का कहना है कि आरोपी को पुलिस ने एक दिन पहले ही तेतारपुर गांव से उठाया था। उस समय दो पुलिसकर्मी थे। जब वह पुलिस हिरासत में था तो कारो मार्ग कब और कैसे पहुंच गया।
