बलिया में चंदन हत्याकांड के तीन आरोपी गिरफ्तार

बलिया में चंदन हत्याकांड के तीन आरोपी गिरफ्तार
एक पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने के बाद, दो अन्य स्थान से पकड़े गए
बलिया। मनियर पुलिस ने चंदन राजभर हत्याकांड के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक को घोघा चट्टी पर मुठभेड़ में रविवार की रात गोली चला कर और दो आरोपियों को सोमवार को खेजुरी मोड के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त दो कुल्हाड़ी, एक तमंचा, दो कारतूस व एक बाइक बरामद किया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम व पता क्रमश: अभिनन्दन पुत्र केदार राजभर निवासी महलीपुर थाना मनियर, रघुनन्दन राजभर पुत्र केदार राजभर स्थायी पता महलीपुर थाना मनियर और अस्थायी पता 227 चन्द्रेश्वर नगर ऋषिकेश देहरादून और राजू राजभर पुत्र राजेन्द्र राजभर निवासी करम्मर थाना खेजुरी बताया। गिरफ्तार आरोपियों के विरूद्ध विधिक कार्रवाई पूर्ण कर न्यायालय भेजा गया।

मनियर पुलिस ने घोंघा चट्टी से बड़ागांव जाने वाले मार्ग पर रविवार की रात करीब 10 बजे हुई मुठभेड़ में आत्मरक्षार्थ गोली चलाई जो बदमाश के दाहिने पैर में जा लगी। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पकड़े गए बदमाश के कब्जे से एक तमंचा, दो कारतूस और एक बाइक बरामद की गई। इस बाबत अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी कृपाशंकर ने बताया कि चंदन राजभर हत्याकांड के आरोपी को पुलिस ने आत्मरक्षार्थ गोली चलाकर गिरफ्तार किया है। जिसका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। उसके कब्जे से एक तमंचा, दो कारतूस और एक बाइक बरामद की गई है। उधर, सोमवार को भी पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
बता दें कि मनियर थाना के महलीपुर गांव निवासी अभिनंदन राजभर ने अपने भाई रघुनंदन राजभर और उसके साले राजू राजभर के साथ मिलकर बीते आठ नवंबर की रात अपने डेरा से आते वक्त घर के सामने चंदन राजभर पुत्र गणेश राजभर निवासी महलीपुर की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दिया था। इस मामले में मनियर पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर तीनों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया था।
