बलिया में शिक्षक हत्याकांड का इनामिया पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

बलिया में शिक्षक हत्याकांड का इनामिया पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार
एक माह पहले बदमाशों ने लूट का विरोध करने पर की थी हत्या
बलिया। शिक्षक देवेंद्र यादव हत्याकांड के 50 हजार के इनामिया आरोपी को एसओजी, उभाव व भीमपुरा पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए मंगलवार की देररात गिरफ्तार किया। मलेरा के पास पुलिस से मुठभेड़ में बदमाश के दोनों पैर में गोली लगी। जबकि दूसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। पुलिस ने घायल बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है। घायल बदमाश ने पूछताछ में अपना नाम व पता विकास सोनकर पुत्र बाबूलाल निवासी बहरज थाना बरहज जनपद देवरिया बताया। आरोपी के पास से एक तमंचा, दो कारतूस, एक बाइक, लूटकांड के 2250 रुपये नकद बरामद किया। फरार बदमाश की तलाश में पुलिस जुटी है।
बता दे कि बीते 16 सितंबर को उभांव थाना क्षेत्र में बदमाशों ने अध्यापिका राधिका वर्मा के गले से सोने की चेन छीन लिया था। इसके बाद अध्यापक देवेन्द्र प्रताप यादव एवं अध्यापिका कंचन सिंह से सोने की चेन व अँगूठी लूट ली। इसका विरोध करने पर बदमाशों ने शिक्षक को गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस पहले ही लूटकांड के आरोपी नितिश कुमार सिंह उर्फ मोहन सिंह पुत्र राजकुमार सिंह निवासी टोला नन्दपुर कुकरघाटी थाना खामपार जनपद देवरिया समेत अन्य बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इस बाबत अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ल ने बताया कि उभाव थाना के मलेरा के पास मंगलवार की रात एसओजी, उभाव व भीमपुरा पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए लूटकांड के इनामिया बदमाश को आत्मरक्षार्थ गोली चलाकर गिरफ्तार किया। वहीं एक बदमाश अंधेरा का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। घायल का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।
