बलिया में चोरी व लूट गिरोह के छह आरोपी गिरफ्तार, एक की तलाश

बलिया में चोरी व लूट गिरोह के छह आरोपी गिरफ्तार, एक की तलाश
बलिया। पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार की रात चोरी व लूट गिरोह के छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बताया जाता है कि इसमें एसओजी, सर्विलांस, नगरा व उभाव पुलिस शामिल रही।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने रविवार कोपुलिस लाइन के सभागार में इसका खुलासा करते हुए बताया कि मुखबीर द्वारा सूचना दिया गया कि नगरा और उभांव थाना क्षेत्र में चोरी व लूट की घटना को अंजाम दे चुके कुछ शातिर बदमाश किसी लूट की घटना को अंजाम देने के लिए निछुआडीह फायर सर्विस के पास खेत में बैठे योजना बना रहे हैं। सूचना पर एसओजी, नगरा व उभाव पुलिस संयुक्त रूप से निछुआडीह फायर सर्विस के पास पहुँची और घेराबन्दी कर बैठे हुए बदमाशों को घेर लिया। अपने आपको घिरता देख बदमाशों ने भागने का प्रयास किया। इसबीच एक बदमाश ने पुलिस वालो पर तमंचा से फायर कर दिया। संयोग अच्छा रहा कि गोली थानाध्यक्ष नगरा की कनपटी के बगल से निकल गयी और बाल-बाल बच गए। पुलिस टीम ने साहस दिखाते हुए छह आरोपी सुनील यादव उर्फ बैल पुत्र रामचीज निवासी मझवलिया थाना उभांव, रवि कुमार पुत्र भगवान राम निवासी चाडी सराय सम्भल थाना नगरा, आनन्द कुमार पुत्र रामानन्द निवासी चाडी सराय, रोहित कुमार पुत्र लाल बहादुर निवासी परती सुपापाली थाना नगरा, अमित गुप्ता पुत्र प्रेमलाल निवासी गनेरिया थाना रीदौली जनपद बस्ती को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से एक तमंचा, दो कारतूस, चोरी के सात मोबाइल, दो बाइक बरामद किया। उनकी निशानदेही पर चोरी व लूट के सोने के जेवरात खरीदने वाले सोनार पुष्पेन्द्र वर्मा पुत्र नन्दलाल वर्मा निवासी बस्ती थाना रामपुर जिला मऊ को भी गिरफ्तार किया गया। जिसके कब्जे से चोरी का खरीदा हुआ दो मंगलसूत्र भी बरामद किया गया। पूछताछ में सुनील यादव उर्फ बैल ने बताया कि मेरा साथी सतीश सैनी पुत्र स्व मुन्ना सैनी निवासी गुठौली जीराबस्ती थाना सुखपुरा जनपद बलिया है। सतीश सैनी अपने दो साथियों के साथ मेरे यहां आया और हम लोग आपस में बातचीत की। इसके बाद मैं रैकी के लिए आगे बढ़ गया और सतीश सैनी अपने दो अन्य साथी जिनका नाम मैं नहीं जानता हूं, उन तीनों लोगों ने बीते 24 मई को मै जमुआव नहर पुलिया के पास मोटर साइकिल सवार को रोका और महिला-पुरुष का मोबाइल व मंगलसूत्र लूट लिया था। मंगलसूत्र को मैं अपने साथी सतीश सैनी के साथ जाकर पुष्पेन्द्र वर्मा पुत्र नन्दलाल वर्मा निवासी बस्ती थाना रामपुर जिला मऊ को बेच दिया था। मेरे पास जो मोबाइल मिला है वहीं पर लूटा था। अमित गुप्ता पुत्र प्रेमलाल निवासी गनेरिया थाना रीदौली जनपद बस्ती ने बताया कि हम इन लोगों के साथ पहली बार आया हूँ, मुझे पैसो की जरूरत थी। पकड़े गए चारों आरोपियों ने बताया कि हम लोग सुनील यादव पुत्र रामचीज यादव निवासी मझवलिया थाना उभांव बलिया, आनन्द कुमार पुत्र रामानन्द निवासी चाडी सराय सम्भल थाना नगरा बलिया, रवि कुमार पुत्र भगवान राम निवासी चाडी सराय सम्भल थाना नगरा बलिया, रोहित कुमार पुत्र लालबहादुर निवासी परती सुपापाली थाना नगरा बलिया व हमलोग का साथी रत्नेश कुमार उर्फ लाला पुत्र श्रीभगवान निवासी चाडी सराय सम्भल थाना नगरा बलिया जो मौके से भाग गया है, सभी ने मिलकर बीते सात जून की रात्रि शमशान घाट कस्बा नगरा के पास से एक व्यक्ति को तमंचा सटाकर उसका मोबाइल फोन छीन लिया था। इनके सबके विरूद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर चालान कर दिया गया।
