बलिया के सीएचसी परिसर से अमृत फार्मेसी हटाने को डीएम का फरमान

0

बलिया के सीएचसी परिसर से अमृत फार्मेसी हटाने को डीएम का फरमानबलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने बांसडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में चल रही विवादों से घिरी जन औषधि केन्द्र (अमृत फार्मेसी) को तत्काल हटाने का निर्देश दिया है। डीएम के निर्देश पर सीएमओ ने चिकित्सा अधीक्षक को पत्र भेजकर अस्पताल परिसर से अमृत फार्मेसी को हटाने की कार्रवाई करने को कहा है। उन्होंने डिप्टी सीएमओ डा विजय यादव को निर्देशित किया है कि सीएचसी अधीक्षक से समन्वय स्थापित कर इस कार्य को कराना सुनिश्चित करें। बता दें कि बीते 12 जून को अमृत फार्मेसी के संचालक अजय तिवारी की शिकायत पर वाराणसी की विजिलेंस टीम ने अस्पताल परिसर की ओपीडी से तत्कालीन चिकित्सा अधीक्षक डा वेंकटेश मउआर को 20 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था। 16 जून को जिला जेल वाराणसी में डा मउआर की मौत हो गयी थी। घटना के बाद चिकित्सकों व प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ ने विरोध प्रदर्शन किया था। संघ के सदस्यों ने अमृत फार्मेसी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। डीएम ने सीएमओ को फार्मेसी की स्थापना, रजिस्ट्रेशन व अन्य अधिकार पत्रों की जांच के आदेश दिए थे। सीएमओ ने तीन सदस्यीय टीम बनाकर जांच कराई थी। चिकित्सा अधीक्षक बांसडीह डा नितिन कुमार सिंह ने बताया कि आदेश प्राप्त हुआ है। उच्चाधिकारियों व प्रशासनिक अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर आदेश के अनुपालन की प्रक्रिया संचालित की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *