बलिया में पाइप लाइन बिछाते समय मिट्टी से दबकर मजदूर की मौत

बलिया में पाइप लाइन बिछाते समय मिट्टी से दबकर मजदूर की मौत
बलिया। सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के जमालपुर हुसैनपुर गांव में मंगलवार को हर घर जल योजना के तहत पाइप लाइन बिछाने के दौरान एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक पकड़ी थाना क्षेत्र के बड़सरा सलेमपुर गांव निवासी लालजी राम (28) था।
बताया जाता है कि लालजी राम अपने दो साथी मजदूरों हृदयानंद और मनोज राम के साथ काम कर रहा था। सड़क पर जेसीबी से खोदे गए गड्ढे को बराबर करते समय अचानक भारी मात्रा में मिट्टी उस पर गिर गई और वह पूरी तरह मिट्टी में दब गया।
मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों व स्थानीय लोगों ने मिट्टी हटाकर लालजी को बाहर निकाला। उधर, घटना के तुरंत बाद विभागीय अधिकारी और ठेकेदार मौके से गायब हो गए। इससे ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। एम्बुलेंस और पुलिस को सूचना दी गई। लेकिन ग्रामीण विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी की मांग पर अड़े रहे। इस कारण घायल मजदूर को करीब एक घंटे तक घटनास्थल पर ही रखना पड़ा।
तहसीलदार प्रवीण सिंह, नायब तहसीलदार सीपी यादव और प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार सिंह के समझाने के बाद घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के घरवालों को जैसे ही घटना की जानकारी मिली, परिवार समेत सैकड़ों की संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए। पत्नी पिंकी देवी, 8 वर्षीय बेटा प्रिंस, 5 वर्षीय बेटी श्रेया, 3 वर्षीय बेटी सृष्टि और मां अंतवरिया देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और मृतक के परिजनों ने ठेकेदार और जल निगम के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की और हंगामा किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मजदूरों की सुरक्षा को लेकर कोई इंतजाम नहीं किया गया था और लापरवाही के साथ काम कराया जा रहा था। अधिकारियों ने मामले की जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया तब जाकर ग्रामीण शांत हुए। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
बता दें कि मनियर सतही जल परियोजना एक हजार करोड़ से अधिक लागत से चल रही है। इस परियोजना मे ही सिकंदरपुर शामिल है। जल निगम ग्रामीण की ओर से बतौर कार्यदाई संस्था जीएजेए की ओर से यह कार्य कराया जा रहा है।
