बलिया में बोलेरो ने ली बालक की जान, ग्रामीणों ने लगाया जाम

बलिया में बोलेरो ने ली बालक की जान, ग्रामीणों ने लगाया जाम
बलिया। बांसडीह-मनियर मार्ग पर हालपुर चट्टी के पास सोमवार को बोलेरो की चपेट में आने से एक बालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान हालपुर निवासी आयुष (6) पुत्र अंजनी साहनी के रूप में हुई है। हादसे के बाद ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा और उन्होंने सड़क पर चक्का जाम कर दिया। इससे दोनों ओर आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया। मौके पर बांसडीह पुलिस, तहसीलदार नितिन सिंह और मजिस्ट्रेट पहुंचे और जाम समाप्त कराने के लिए ग्रामीणों से वार्ता की, लेकिन ग्रामीण जिलाधिकारी को बुलाने की मांग पर अड़े रहे। ग्रामीणों की मांग थी कि सड़क पर कई जगह स्पीड ब्रेकर बनाया जाए, सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं और मृतक के परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए। सूचना पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार झा और पीडब्ल्यूडी के अधिकारी ने उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर ग्रामीणों को समझाया। करीब दो घंटे बाद चक्का जाम समाप्त हुआ। हादसे से गांव में मातम का माहौल है।
