बलिया: गंगा में गिरे स्कॉर्पियो मामले में दो की मौत, शव बरामद

0

बलिया: गंगा में गिरे स्कॉर्पियो मामले में दो की मौत, शव बरामद

अर्जुन का शव गाड़ी में तो हर्ष का शव चार किमी दूर मिला

बलिया। भरौली बक्सर के बीच गंगा पर बने पुराने पुल की रेलिंग तोड़ शुक्रवार की देरशाम एक स्कार्पियो नदी में जा गिरी। सूचना पर यूपी के नरही और बिहार के बक्सर पुलिस मौके पर पहुंची। एनडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया। देर रात तक रेस्क्यू चला और क्रेन से स्कॉर्पियो को बाहर निकाला गया। स्कॉर्पियो मेंसे बिहार के सिमरी थाना के दुल्लहपुर निवासी अर्जुन सिंह 22 का शव बरामद हुआ। शनिवार की भोर में घटना स्थल से करीब चार किलोमीटर दूर धूम राय के पूरा गांव के सामने गंगा में दुल्लहपुर निवासी हर्ष सिंह 22 का भी शव बरामद किया गया। बक्सर पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बता दें कि बक्सर जिले के सिमरी थाना अंतर्गत दुल्लहपुर निवासी अर्जुन सिंह उर्फ झामु व हर्ष सिंह स्कॉर्पियो से भरौली पहुंचे थे। कुछ देर बाद भरौली से अपने गांव लौट रहे थे कि स्कॉर्पियो अनियंत्रित हो गई और पुराने पुल की रेलिंग को तोड़ते हुए गंगा में जा गिरी। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और लोगों ने पुलिस को मामले से अवगत कराया। सूचना मिलते ही यूपी के नरही थाना की पुलिस और बिहार के बक्सर जिले की पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू करने के लिए एनडीआरएफ की टीम को बुलाया। घंटों प्रयास के बाद क्रेन से स्कॉर्पियो को बाहर निकाला गया। स्कॉर्पियो में दुल्लहपुर निवासी अर्जुन सिंह उर्फ झामु मृत पड़ा था। इसके बाद एनडीआरफ की टीम अन्य लोगों की तलाश में जुटी रही। शनिवार की भोर में घटना स्थल से चार किलोमीटर दूर धूम राय के पूरा गांव के सामने दुल्लहपुर निवासी हर्ष सिंह का भी शव बरामद हुआ। घटना के संबंध में बक्सर जिले के नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि गाड़ी शुक्रवार की रात पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नदी में गिर गई। उसपर कितने लोग सवार थे, इसकी अभी कोई जानकारी नहीं मिली है। शुक्रवार की रात करीब एक बजे अर्जुन सिंह उर्फ झामु का शव बरामद किया गया। शनिवार को हर्ष का शव मिला।
दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। यह भी बताया कि स्कॉर्पियो के दोनों एयर बैग खुले हुए थे। नदी में गिरने से पहले वाहन ने पुल के एक बड़े हिस्से की रेलिंग को क्षतिग्रस्त कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *