बलिया में निरंकुश पुलिस ने युवक को पीटा, 20 हजार मांगने का आरोप, एसपी से की शिकायत

बलिया में निरंकुश पुलिस ने युवक को पीटा, 20 हजार मांगने का आरोप, एसपी से की शिकायत
बलिया। जिले के बैरिया पुलिस चौकी के दो सिपाहियों पर युवक ने बेवजह पिटाई करने का आरोप लगाया है। छोड़ने के लिए 20 हजार मांगने का भी आरोप है। पीड़ित ने शुक्रवार को शिकायती पत्र एसपी को दिया है।

दोकटी थाना क्षेत्र के भगवानपुर निवासी रोहित कुमार गुप्ता ने पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में बताया है कि बीते पांच जून की शाम जब वह अपने जनसेवा केंद्र पर बैठा था, तभी बैरिया चौकी के दो सिपाही बिना किसी कारण के उसे जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर चौकी ले गए। रास्ते में उसने अपने ऊपर लगाए गए आरोप के बारे में बार-बार पूछताछ की लेकिन कोई जानकारी नहीं दी गई। चौकी पहुंचने पर उसे गालियां दी गईं और आरोप लगाया गया कि उसके गांव का एक युवक टिंकू खरवार मोबाइल चोरी में संलिप्त है और उसी की वजह से उसका मोबाइल नंबर सामने आया है। वह इस पूरे प्रकरण से अनभिज्ञ था, फिर भी उसे लाठियों से पीटा गया, जिससे उसके शरीर पर गंभीर चोटें आईं।
पीड़ित के पिता द्वारा मामले की जानकारी भाजपा के एक वरिष्ठ नेता को दी गई, जिनके हस्तक्षेप के बाद देर रात में छोड़ा गया। पीड़ित ने एसपी को पुलिस चौकी से छोड़ने के एवज में 20 हजार रुपए की घूस की मांगने का भी आरोप लगाया है।
पीड़ित रोहित कुमार ने अपने शिकायती पत्र के साथ शारीरिक चोटों की मेडिकल रिपोर्ट की प्रति संलग्न करते हुए दोषी सिपाहियों पर एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
इस घटना ने पुलिसिया कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना यह है कि प्रशासन इस मामले में कितना गंभीर रुख अपनाता है और पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।
