बलिया एसपी का एक्शन, युवक की पिटाई के आरोपी समेत तीन पुलिसकर्मी सस्पेंड

0

बलिया एसपी का एक्शन, युवक की पिटाई के आरोपी समेत तीन पुलिसकर्मी सस्पेंड

बलिया। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बैरिया थाने पर तैनात आरक्षी मनीष गोंड व प्रियव्रत गोंड तथा नगरा थाने पर तैनात आरक्षी अजय कुमार त्रिपाठी को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है। इन पुलिसकर्मियों पर दुर्व्यवहार, अभद्र भाषा का प्रयोग करने, कर्तव्य के प्रति लापरवाही, उदासीनता, स्वेच्छाचारिता तथा अनुशासनहीनता बरतने का आरोप है।
बता दें कि दोकटी थाना क्षेत्र के भगवानपुर निवासी रोहित कुमार गुप्ता ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया था कि बीते पांच जून की शाम वह अपने जनसेवा केंद्र पर बैठा था, तभी बैरिया पुलिस चौकी के दो सिपाही पहुंचे और बिना कोई कारण बताए उसे मोटरसाइकिल पर बैठाकर चौकी ले गए। रास्ते में रोहित ने कई बार पूछा कि उस पर क्या आरोप है, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।चौकी में पुलिसकर्मियों ने रोहित को गालियां दीं। उन्होंने आरोप लगाया कि उसके गांव का टिंकू खरवार नाम का युवक मोबाइल चोरी में शामिल है। इसी वजह से रोहित का मोबाइल नंबर सामने आया है। रोहित ने बताया कि वह इस मामले से अनजान था। फिर भी पुलिसकर्मियों ने उसे लाठियों से पीटा। इससे उसके शरीर पर गंभीर चोटें आईं। यह भी आरोप लगाया था कि पुलिस ने उसे छोड़ने के लिए 20 हजार रुपए की रिश्वत भी मांगी। रोहित ने अपनी शिकायत के साथ मेडिकल रिपोर्ट भी संलग्न की थी। प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने जांचोपरांत दोनों आरक्षियों को सस्पेंड कर दिया है।
उधर, नगरा थाने पर तैनात मुख्य आरक्षी अजय कुमार त्रिपाठी पर एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए थाना कार्यालय में बैठाये जाने के दौरान कार्यालय में अभद्र भाषा का प्रयोग करने, कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही, उदासीनता, स्वेच्छाचारिता एवं अनुशासनहीनता बरतने के आरोप में पुलिस अधीक्षक ने निलम्बित कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *