बलिया में श्री हनुमत प्राण प्रतिष्ठात्मक महायज्ञ को निकली कलश व शोभायात्रा

बलिया में श्री हनुमत प्राण प्रतिष्ठात्मक महायज्ञ को निकली कलश व शोभायात्रा
बलिया। नगर से सटे मिड्ढा गांव स्थित मां काली मंदिर पर आयोजित श्री हनुमत प्राण प्रतिष्ठात्मक महायज्ञ को बुधवात को कलश व शोभायात्रा स्वामी आनंद महाराज के नेतृत्व में निकाली गई। उधर, कलश एवं शोभा यात्रा की पूर्व संध्या पर माँ काली मंदिर पर महिलाओं ने हजारों दीपक जलाकर दीपोत्सव मनाया।
बुधवार की सुबह मां काली मंदिर से कलश व शोभायात्रा निकलकर बैजू बाबा स्थान होते हुए गिरवर दास की कुटिया पर गई। वहां से बाजार स्थित शिव मंदिर पर पहुँची। इसके बाद कलश यात्रा सोनार मोहल्ला होते हुए पकड़ी तर और गोरथाना के पोखरा पर पहुँची। वहां से मुख्य मार्ग गड़वार-बलिया होते हुए हरिजन बस्ती होते हुए लक्ष्मीराम ब्रह्म स्थान पर पहुँची। यहां से पुन: मां काली स्थान पर जाकर समाप्त हो गई।
स्वामी आनन्द महाराज ने बताया कि बुधवार की शाम को हनुमानजी की प्रतिमा का जलाभिषेक होगा। 29 मई को पंचांग पूजन मंडप प्रवेश होगा। जबकि 30 मई को बेदी पूजन एवं अरणी मंथन द्वारा अग्नि देव का प्राकट्य होगा। एक जून को हनुमत महाआरती आयोजित की जाएगी तीन जून को यज्ञ की पूर्णाहुति एवं भव्य भंडारा का आयोजन होगा। बताया कि प्रतिदिन सुबह 8 बजे से 11:30 तक पूजन एवं सायं 6 बजे से रात्रि 9 बजे तक श्रीराम कथा का प्रवचन साध्वी लाडली किशोरी द्वारा किया जाएगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में महायज्ञ में पहुंचने की अपील की। वही बच्चों के मनोरंजन के लिए छोटे-बड़े झूले के अलावा बड़ी चर्खी, ब्रेक डांस, ट्रेन झूला आदि भी लगाई गई है।
