बलिया में युवती की मौत की जांच को एसआईटी गठित
बलिया में युवती की मौत की जांच को एसआईटी गठित
बलिया। नगरा थाना क्षेत्र के सरयां गुलाब राय में हुई युवती की मौत का खुलासा कुछ दिनों पहले पुलिस अधीक्षक ने किया था। इसमें आत्महत्या बताने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। परिजनों व विपक्षी दलों ने आत्महत्या को सिरे से नकारते हुए हत्या का हवाला देते हुए न्यायिक जांच कराने के लिए लगातार दबाव बनाया। जिसका नतीजा रहा कि एडीजी वाराणसी पीयूष मोर्डिया के आदेश पर डीआईजी आजमगढ़ के नेतृत्व में एसआईटी टीम गठित की गई। जिसके बाद लोगों को न्याय की उम्मीद जगी है।
बता दें कि नगरा थाना क्षेत्र के सरया गुलाब राय में बीते 23 मार्च की सुबह युवती का शव दरवाजे पर स्थित जामुन के पेड़ पर जमीन से करीब छह फुट ऊपर लटकता हुआ मिला था। युवती का दोनों हाथ पीछे रस्सी से बंधा हुआ था। सूचना पर जनपद के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने 30 मार्च को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि युवती ने पेड़ से रस्सी का फंदा लगाकर आत्महत्या की है। इसकी जानकारी होते ही परिजनों के साथ ही विपक्षी दलों ने लगातार न्यायिक जांच की मांग करते रहे। अब एडीजी वाराणसी के निर्देश पर प्रकरण की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है। इस बाबत डीआईजी आजमगढ़ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि एडीजी वाराणसी के निर्देश पर एसआईटी गठित की गई है।
