बलिया में सीएम पर अभद्र टिप्पणी करने वाले दो के खिलाफ मुकदमा
बलिया में सीएम पर अभद्र टिप्पणी करने वाले दो के खिलाफ मुकदमा
बलिया। सिकन्दरपुर थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर एक संवेदनशील घटना को लेकर सीएम पर की गई अभद्र टिप्पणी के मामले में दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपियों पर शांति व्यवस्था भंग करने और भ्रामक सूचना प्रसारित करने के भी आरोप हैं।
सिकंदरपुर थाना क्षेत्र निवासी राजकुमार जायसवाल और नगरा निवासी रोशन के खिलाफ पुलिस ने कानूनी कार्रवाई की है। दोनों पर आरोप है कि उन्होंने नगरा थाना क्षेत्र के सरया गुलाबराय निवासी युवती की मौत को लेकर सोशल मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित किया, जिसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई थीं।
पुलिस के अनुसार, वीडियो के माध्यम से मुख्यमंत्री के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। जब पुलिस ने मौके पर जाकर मामले को शांत कराने की कोशिश की, तब आरोपी राजकुमार जायसवाल ने अपने बयान पर कायम रहते हुए पुलिस के निर्देशों की अवहेलना की और उत्तेजक बयानबाजी जारी रखी।
ईद-उल-फितर के दिन यह मामला सामने आने से साम्प्रदायिक तनाव की स्थिति बनने लगी। माहौल को बिगड़ने से बचाने के लिए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों पर मुकदमा दर्ज किया।
थाना सिकंदरपुर के प्रभारी निरीक्षक विकास चंद्र पांडेय ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए उपनिरीक्षक ज्ञान प्रकाश तिवारी की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई है।
