यूपी बिहार की सीमा पर किसानों में संघर्ष, दोनों राज्यों के 10 किसान घायल

0

यूपी बिहार की सीमा पर किसानों में संघर्ष, दोनों राज्यों के 10 किसान घायल

बलिया। जिले में हर वर्ष बिहार की सीमा पर फसल की बोआइ व कटाई के समय किसानों में विवाद होता है। मंगलवार को गंगा नदी पार यूपी बिहार सीमा पर किसानों के बीच संघर्ष हुआ। इसमें दोनों राज्यों के 10 किसान घायल हो गए। सूचना मिलते ही हल्दी थाना पुलिस ने घायलों का इलाज व मेडिकल सीएचसी सोनवानी पर कराया।
हल्दी थाना क्षेत्र के गायघाट गांव के किसानों ने बताया कि बाबूबेल मौजा 800 एकड़ में फैला है। 200 बीघा पर विवाद है, जहां प्रत्येक वर्ष जोताई, बोआई और कटाई के समय सीमा को लेकर विवाद होता है। गायघाट गांव के किसान मंगलवार की सुबह बिहार क्षेत्र अंतर्गत अपने खेत में मसूर व सरसों की फसल काटने गए थे, तभी सीमा को लेकर विवाद हो गया।
इसी बीच बिहार के कुछ किसान लाठी डंडे के साथ वहां आ गए और यूपी के किसानों पर टूट पड़े। इसमें हल्दी थाना क्षेत्र के गायघाट निवासी शिव चरण यादव, कन्हैया सिंह, दीनदयाल सिंह, राजेश कुमार, सुरेंद्र सिंह, संतोष सिंह तथा बिहार के चार लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे ग्रामीण घायलों को लेकर हल्दी थाने पहुंचे, जहां पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनवानी ले जाकर इलाज कराया। घायलों ने तहरीर दी, लेकिन मामला बिहार क्षेत्र का बता मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। जबकि किसानों का कहना है कि झगड़ा यूपी में हुआ है, लेकिन पुलिस बिहार बता रही है। वही थानाध्यक्ष हल्दी विश्वदीप सिंह ने बताया कि मौके पर गए थे। वहां बिहार के नैनीजोर थाना प्रभारी से बात किया तो पता चला कि घटना बिहार क्षेत्र की है। इसलिए हमारे यहां मुकदमा दर्ज नहीं हो सका। वहीं बिहार के नैनीजोर थाना प्रभारी ने बताया कि बिहार के भी चार लोग घायल है। अभी तहरीर नहीं मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *