बलिया में सदर तहसील प्रशासन ने छह मौजे की 16 खेतों को किया कुर्क
बलिया में सदर तहसील प्रशासन ने छह मौजे की 16 खेतों को किया कुर्क
नरही थाना के प्रभारी निरीक्षक को बनाया रिसीवर
दो पक्षों के विवाद में पुलिस की रिपोर्ट पर एसडीएम ने की कार्रवाई
बलिया। सदर तहसील एसडीएम आत्रेय की कोर्ट ने नरही थाना क्षेत्र के भरौली गांव के छह मौजे की 16 खेतों को कुर्क किया है। एसडीएम ने इन खेतों के लिए बतौर रिसीवर नरही थाना के प्रभारी निरीक्षक को बनाया है। दो पक्षों में विवाद को देखते हुए यह कार्रवाई हुई है। इन 16 खेतों का कुल रकबा करीब 10 बीघे का है।
नरही थाना क्षेत्र के भरौली गांव निवासी ओमप्रकाश राय ने थाने पर शिकायत किया कि रामजी राय आदि के बीच जमीनों को लेकर लंबे समय से विवाद है। हम विवादित भूमि के सहभूमिधर साथ प्रतिवादीगण के रहते चले आ रहे हैं। विवादित भूमि को लेकर शान्ति भंग हो सकती है और कोई भी घटना घट सकती है, क्योंकि दूसरा पक्ष सरकस व सीनाजोर किस्म के हैं। ये लोग कोई भी अप्रिय घटना कर सकते हैं। आठ मई 2024 को थानाध्यक्ष नरही ने तहसील को रिपोर्ट भेज कर बताया कि भरौली में एक पक्ष ओम प्रकाश राय पुत्र स्व. श्याम बिहारी राय आदि व दूसरे पक्ष के रामजी राय पुत्र स्व. श्याम बिहारी राय आदि के बीच विभिन्न मौजे में स्थित जमीनों के बंटवारे को लेकर विवाद है। दोनों पक्ष अपना-अपना बताकर कब्जा करना चाहते हैं, जबकि इस विषय में मौखिक रूप से कई बार समझा बुझाकर शान्त कराने का प्रयास किया गया लेकिन दोनों पक्ष मानने को तैयार नहीं हैं। प्रतिष्ठा का विषय बनाकर वर्चस्व की लड़ाई लड़ रहे हैं, दोनों एक दूसरे को नीचा दिखाने का प्रयास कर रहे हैं। दोनों पक्ष अवसर की तलाश करते रहते हैं, जिससे दोनों पक्ष भूमि की कब्जेदारी को लेकर कभी भी लड़ाई-झगड़ा करके संगीन अपराध घटित कर शांति व्यवस्था भंग कर सकते हैं। जनहित व न्यायहित में दोनों पक्षों का स्वतंत्र रहना ठीक नहीं है। दोनों पक्षों के विरूद्ध शांतिभंग की धारा-107, 116 की कार्रवाई भी की गई है। शान्ति एवं कानून व्यवस्था के दृष्टिगत विवादित कृषि भूखंड के बाबत 145 सीआरपीसी के तहत कार्रवाई की रिपोर्ट प्रेषित है। इसके बाद 29 जून 2024 को तत्कालीन तहसीलदार ने भी जांच कर रिपोर्ट दी। इसके बाद एसडीएम आत्रेय मिश्रा की कोर्ट ने विवादित छह मौजे की 16 जमीनों को कुर्क करने का आदेश दिया। एसडीएम ने जमीनों के कोर्ट से मालिकाना हक मिलने तक नरही के प्रभारी निरीक्षक को रिसीवर नियुक्त किया है।
——————
इन जमीनों को किया गया है कुर्क
– भरौली खास मौजा में अराजी नंबर 214ख, 221ख, 516 व 510। बघौना खुर्द में 369, 373क, 121 व 259। बिजौरा खास में 40। चतुर्भुजतरी खास में 104, 163, 240, 103।चतुर्भुजतरी गंगबरार में 45 व
पिंडारी मौजा में अराजी नंबर 124 व 111
——————–
