बलिया: गेहूं के खेत में मिला युवक का शव, हत्या का आरोप

बलिया: गेहूं के खेत में मिला युवक का शव, हत्या का आरोप
बलिया। रेवती थाना क्षेत्र के मानगढ़ गांव निवासी युवक का शव क्षत-विक्षत अवस्था में शनिवार को मानगढ़ दियारा स्थित गेहूं के खेत में मिलने से सनसनी फैल गई। मौके पर जुटे लोगों ने भीड़ पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए रेवती थाने में तहरीर दी।
परिजनों की मानें तो 18 मार्च की शाम चंदन कुमार साहनी 24 पुत्र श्याम बिहारी प्रसाद अपने भाई के साथ खाना खा रहा था। इस दौरान उसके पास किसी का फोन आया। वह कुछ देर में आने की बात कहकर चला गया। तब से चंदन लापता हो गया। 19 मार्च को रेवती पुलिस ने गुमशुददगी की रिपोर्ट दर्ज की। जबकि 21 मार्च को मानगढ़ सिवान के पास खून के कुछ धब्बे दिखाई दिए। इसके बाद रेवती पुलिस जांच में जुट गई। वहीं शनिवार को मानगढ़ के दियारा स्थित खाकी बाबा के मठिया के निकट गेहूं के खेत में चन्दन का क्षत-विक्षत शव मिला। परिजनों ने प्रेम प्रसंग के मामले में हत्या का आरोप लगाया है। उधर, घटना की सूचना मिलते ही बैरिया तथा दोकटी थाने की पुलिस पहुंच गयी। चन्दन के पिता श्याम बिहारी प्रसाद बिन्द दहाड़े मारकर रोने लगे। बताया जाता है की चंदन वीडियो फोटोग्राफी का कार्य करता था। इस बाबत बैरिया सीओ मो फहीम कुरैशी ने बताया कि रेवती पुलिस को मानगढ़ के दियारे क्षेत्र में स्थित गेहूं के खेत में एक अज्ञात युवक का शव मिलने सूचना मिली थी। जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की की जांच हो रही है।
