बलिया में तस्करी को बिहार जा रहा 425 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद, दो गिरफ्तार

बलिया में तस्करी के जरिए बिहार जा रहा 425 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद, दो गिरफ्तार
बलिया। बैरिया पुलिस ने जयप्रभा सेतु के पास पुलिस पिकेट के पास चेकिंग में गुरुवार की रात 425 अंग्रेजी शराब बरामद किया। तस्कर पिकअप पर शराब लेकर बिहार जा रहे थे। बरामद शराब की कीमत लगभग 27 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने पिकअप व शराब को जब्त कर दो तस्करों को गिरफ्तार कर चालान किया।
बैरिया थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि शराब तस्कर पिकअप में शराब लादकर जयप्रभा सेतु के रास्ते बिहार जा रहे थे। मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया गया। साथ ही शराब लदी पिकअप को भी जब्त कर लिया गया है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि सूचना मिली थी कि अमरजीत सिंह (निवासी भवन टोला जयप्रकाश नगर थाना बैरिया) व मंजीत वर्मा (निवासी सिहाचौर थाना गड़वार, बलिया) पिकअप से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब लेकर बिहार में तस्करी के लिए ले जा रहे हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल एक्शन लिया। टीम में प्रभारी निरीक्षक के अलावा चौकी इंचार्ज बैरिया सुशील कुमार यादव, उप निरीक्षक अजय कुमार, एसओजी टीम/ सर्विलांस प्रभारी विश्वनाथ सिंह व फोर्स शामिल थी। दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चालान किया गया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि उक्त लोगों की अपराधिक कुंडली खंगाली जा रही है।
