बलिया में जीप व डम्पर की टक्कर, युवक की मौत, पत्नी समेत पांच घायल
बलिया में जीप व डम्पर की टक्कर, युवक की मौत, पत्नी समेत पांच घायल
बलिया। हल्दी थाना क्षेत्र के सीताकुण्ड-परसिया के बीच बुधवार की देरशाम डम्पर व जीप की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई। हादसे में मृतक की पत्नी समेत पांच लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल भेजवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जाता है कि बुधवार की देरशाम में सवारी लेकर जीप बैरिया जा रही थी। जीप अभी सीताकुंड से आगे बढ़ी थी तभी सामने से आ रहे डम्पर से जोरदार टक्कर हो गयी। इससे जीप सड़क से नीचे जाकर पलट गई। हादसे में हल्दी थाना क्षेत्र के गंगापुर (तेलिया टोला) निवासी जितेंद्र पटेल (32) व उसकी पत्नी माला देवी (29), दोकटी थाना क्षेत्र के दलनछपरा निवासी सुनील पटेल का पुत्र आकाश 13, बैरिया निवासी मेनका (26) पत्नी उदयशंकर पटेल, रामनाथ पटेल (68) व श्रीनिवास मिश्र (72) घायल हो गये।
चीख-पुकार सुन पहुंचे लोगों की सूचना पर एसओ विश्वदीप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को बाहर निकालने के बाद एम्बुलेंस से जिला अस्पताल भेजवाया। सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने जितेंद्र को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा कि जितेंद्र के साली की बलिया शहर के किसी मैरिज हाल में बुधवार को शादी थी, जिसमें शामिल होने गया था। देरशाम में पत्नी तथा अन्य रिश्तेदारों के साथ जीप में सवार होकर घर लौट रहा था। इसी बीच रास्ते में हादसे का शिकार हो गया।
