बलिया में बाइक व स्कार्पियो की टक्कर, एक की मौत, एक घायल

बलिया में बाइक व स्कार्पियो की टक्कर, एक की मौत, एक घायल
ग्रामीणों ने शव रख कर लगाया जाम
बलिया। गड़वार थाना क्षेत्र के ताखा चट्टी के समीप सोमवार की दोपहर बाइक व स्कॉर्पियो की टक्कर में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने दोनों घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बछईपुर पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने एक को मृत घोषित कर दिया। वही दूसरे की स्थिति गम्भीर देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना पर एंबुलेंस के समय से नहीं पहुंचने का आरोप लगाते हुए मृतक के परिजनों ने सड़क पर शव को रखकर ढाई घंटे तक जाम कर दिया।
बताया जाता है कि पकड़ी थाना के गढ़मलपुर सहुलाई निवासी मनोज राजभर 29 व गड़वार थाना क्षेत्र के हथौड़ी निवासी अविनाश राजभर 25 किसी काम से बाइक से बलिया की तरफ जा रहे थे। जैसे ही ताखा चट्टी के समीप पहुँचे कि गड़वार की तरफ से आ रही स्कार्पियो में बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। जिसमें मनोज राजभर तथा अविनाश राजभर गंभीर रूप से घायल हो गए । आसपास के लोगों ने दोनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बछईपुर पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने मनोज राजभर को मृत घोषित कर दिया। जबकि गंभीर स्थिति देखते हुए अविनाश राजभर को सदर अस्पताल रेफर कर दिया। उधर, दुर्घटना में मृत मनोज के परिजन शव को लेकर ताखा चट्टी के समीप ढाई घंटे तक आवागमन बाधित कर दिया। परिजनों ने आरोप लगाते हुए कहा कि सूचना देने के बाद भी समय से एंबुलेंस नहीं पहुंची। सूचना पर पंहुचे प्रभारी निरीक्षक रत्नेश कुमार सिंह ने भीड़ को समझाबुझा कर शांत कराया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
