बलिया में कोर्ट के आदेश पर स्टेट बैंक के प्रबंधक समेत तीन पर धोखाधड़ी का मुकदमा
बलिया में कोर्ट के आदेश पर स्टेट बैंक के प्रबंधक समेत तीन पर धोखाधड़ी का मुकदमा
नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपए ठगी करने व फर्जी नियुक्ति पत्र देने का आरोप
बलिया। कोर्ट के आदेश पर सहतवार पुलिस ने सेवानिवृत्त सब इंस्पेक्टर के पुत्र को रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर की गयी धोखाधड़ी के मामले में एसबीआई के मैनेजर समेत तीन के खिलाफ धोखाधड़ी व जालसाजी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सहतवार थाना क्षेत्र के बलेउर (गौराडीह) निवासी सेवानिवृत्त एसआई ओमप्रकाश सिंह ने आरोप लगाया है कि उनके पुत्र शुभम सिंह को नौकरी लगवाने के नाम पर झांसा देकर सहतवार कस्बा निवासी महिला व उनके पति ने 50 हजार नकद व छह लाख रुपये खाते में लिया। इसके बाद नियुक्ति पत्र देने के नाम पर लखनऊ में केडी सिंह स्टेडियम के बगल स्थित एसबीआई के प्रबंधक के पास ले जाकर फर्जी नियुक्ति पत्र दे दिया। उसकी प्रमाणिकता जांचने पर यह पता चला कि नियुक्ति पत्र फर्जी है। मामले में इन लोगों ने बाद में एक और फर्जी नियुक्ति पत्र घर पर लाकर दिया। इसके बाद जब उनसे पैसा वापस मांगा जाने लगा तो वे हीलाहवाली करते हुए कई बार समय दिया, लेकिन पैसा वापस नहीं किया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है।
