बलिया में संदिग्ध परिस्थिति में महिला की मौत, भाई ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

बलिया में संदिग्ध परिस्थिति में महिला की मौत, भाई ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
बलिया। उभांव थाना क्षेत्र के सोनाडीह गांव में एक महिला की संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई। सूचना पर बहन के घर पहुंचे भाई से भी मारपीट की गई जिससे उसका हाथ टूट गया। भाई ने अपने बहनोई पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
बताया जाता है कि सोनाडीह गांव में चंदन साहनी (34) अपनी पत्नी मिन्नी साहनी (30) के साथ रहता था। शनिवार की शाम मिन्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे मृतका के भाई अजय ने बताया कि उसकी बहन निम्मी की शादी सोनाडीह के चंदन साहनी से हुई थी। चंदन पट्टे की तालाब में मछली पालने का काम करता था। शादी में बहनोई को नगदी के अलावा बुलेट व सोने चांदी के गहने उपहार में दिए गए थे। इसके बावजूद वह और दहेज के लिए बहन को अक्सर प्रताड़ित करते थे। बताया कि शनिवार की शाम उसके बहनोई ने फोन कर बताया कि उसकी बहन की मौत हो गई है। जब वह भागा-भागा बहन के घर पहुंचा तो उसकी बहन बिस्तर पर मृत पड़ी थी।
आरोप लगाया कि बहन की गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई थी। कहा कि जब वह बहन के घर जाकर रोने चिल्लाने लगा तो उसके जीजा व उनके दोस्त ने उसे धक्का देकर बाहर निकालने लगे और मारपीट भी की जिससे उसके हाथ में फ्रैक्चर हो गया। इस बाबत उभांव पुलिस ने बताया कि शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट के आधार पर अगली कार्रवाई की जाएगी।
