बलिया में पत्थर से हमला कर देवरों ने भाभी की कर दी हत्या, दो पर मुकदमा

बलिया में पत्थर से हमला कर देवरों ने भाभी की कर दी हत्या, दो पर मुकदमा
गमला से फूल उखाड़ने को लेकर हुआ था विवाद
बलिया। शहर कोतवाली क्षेत्र के राजपूत नेवरी मोहल्ले में शुक्रवार को गमला से फूल उखाड़ने को लेकर हुए विवाद में दो देवरों ने पत्थर से हमला कर अपनी भाभी को मौत की घाट उतार दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और छानबीन में जुट गई। पुलिस ने मृतका के पति की तहरीर पर दोनों देवरों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश शुरू कर दी है।
बताया जाता है कि राजपूत नेवरी निवासी राजू कुमार गुप्ता की उनके भाई कृष्ण कुमार गुप्ता व विजय गुप्ता के साथ गमला से फूल उखाड़ने को लेकर कहासुनी हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि कृष्ण कुमार व विजय गुप्ता ने राजू कुमार गुप्ता की पत्नी संध्या गुप्ता (45) पर पत्थर से सिर पर हमला कर दिया जिससे वह गम्भीर रूप से घायल हो गई। आसपास के लोगों की मदद से पति राजू गुप्ता अपनी पत्नी को जिला अस्पताल ले गया, जहां चिकित्सक ने संध्या को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर, सीओ सिटी गौरव कुमार व कोतवाली प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र बहादुर सिंह पुलिस बल और फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए और घटना स्थल का निरीक्षण किया। इस बीचआरोपी मौके से फरार हो गए। इस बाबत पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर ने बताया कि राजू गुप्ता व उनके दो भाई कृष्ण कुमार और विजय गुप्ता के साथ पारिवारिक विवाद हो गया। जिसको लेकर दोनों देवरों ने अपनी भाभी के सिर पर पत्थर से हमला कर दिया। जिसकी जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका के पति की तहरीर पर दोनों देवरों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है। जल्द ही आरोपी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।
