बलिया में नोडल अधिकारियों ने की जांच, मिले बिना मान्यता के 59 विद्यालय व कोचिंग संस्थान
बलिया में नोडल अधिकारियों ने की जांच, मिले बिना मान्यता के 59 विद्यालय व कोचिंग संस्थान
बलिया। डीएम के निर्देश पर जिले में बिना मान्यता के संचालित विद्यालयों की जांच जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा नामित नोडल अधिकारियों ने की है। जांच में जिले की 6 तहसीलों में 59 विद्यालय, कोचिंग संस्थान बगैर मान्यता के संचालित मिले हैं। इनमें सबसे अधिक रसडा तहसील में 28, सिकंदरपुर में 4, बेल्थरारोड में 4, सदर में 18 व बांसडीह में 6 हैं। ये सभी कक्षा 9 से कक्षा 12 तक की कक्षाओं का अवैधानिक रुप से संचालन कर रहे थे। जिला विद्यालय निरीक्षक ने इन सभी विद्यालयों को बंद करने के लिए नोटिस जारी किया है। नोटिस में चेताया है कि सभी 59 बिना मान्यता विद्यालयों, कोचिंग संस्थानों को उनके स्तर से बंद करने के निर्देश दिये जा चुके हैं। सभी 59 विद्यालयों को अंतिम अवसर देते हुए पुनः नोटिस निर्गत कर निर्देशित किया जाता है कि उनके द्वारा बिना मान्यता संचालित विद्यालय, कोचिंग संस्थानों का संचालन तत्काल प्रभाव से बंद कर दें। अन्यथा की स्थिति में जांच में पुनः बिना मान्यता विद्यालय संचालित पाए जाने की स्थिति में उनके प्रबंधकों, संचालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाई की जाएगी।
