ट्रेन में बेहोश हुआ यात्री, रेल प्रशासन की तत्परता से मिली चिकित्सा सहायता, बची जान
ट्रेन में बेहोश हुआ यात्री, रेल प्रशासन की तत्परता से मिली चिकित्सा सहायता, बची जानवाराणसी/बलिया। डीआरएम वाराणसी आशीष जैन के मार्गदर्शन में पूर्वोत्तर रेलवे, वाराणसी मंडल द्वारा यात्रियों को बेहतर यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनकी सुरक्षा एवं सुविधा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। ट्रेनों एवं स्टेशनों पर यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए रेल प्रशासन एवं रेलकर्मी सदैव तत्पर रहते हैं। इसका असर सोमवार को देखने को मिला जब एक यात्री ट्रेन में अचानक बेहोश हो गया। रेल कर्मियों की तत्परता से यात्री को समय से चिकिस्कीय सहायता मिली जिससे उसकी जान बची। बता दें कि 14 सितम्बर को गाड़ी संख्या 14005 सीतामढ़ी–आनंद विहार लिच्छवी एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे एक यात्री के अचेत होने की सूचना रेल मदद के माध्यम से प्राप्त हुई। यात्री सीतामढ़ी से आनंद विहार तक अकेले यात्रा कर रहा था तथा इंजन से तीसरे जनरल कोच में सवार था। एक सहयात्री ने रेल मदद के माध्यम से सूचना दी कि उक्त यात्री अचेत अवस्था में है तथा उसकी श्वांस गति चल रही है।सूचना मिलते ही मऊ स्टेशन पर कार्यरत उप मुख्य टिकट निरीक्षक श्री रामप्रभाव यादव ने तत्परता दिखाते हुए रेलवे चिकित्सक, मऊ डॉ. पुनीत राव के माध्यम से एम्बुलेंस की व्यवस्था कराई। गाड़ी के मऊ स्टेशन पहुंचते ही मेडिकल एवं वाणिज्यिक टीम द्वारा अचेत यात्री को ट्रेन से उतारा गया तथा आरपीएफ हेड कांस्टेबल राम प्यारे वर्मा के साथ उपचार हेतु जिला अस्पताल भेजा गया।अस्पताल में उपचार के उपरांत यात्री के होश आने पर उसके द्वारा उपलब्ध कराए गए मोबाइल नंबर पर उसके परिजनों को तत्काल सूचना दे दी गई।समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध होने से यात्री की स्थिति में सुधार हुआ। यात्री ने रेल प्रशासन की तत्परता एवं संवेदनशीलता की सराहना करते हुए वाणिज्य विभाग, मेडिकल टीम, आरपीएफ एवं रेल प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। यह जानकारी जनसम्पर्क अधिकारी, वाराणसी महेश गुप्ता ने दी है।
