बलिया में सिपाही ने की छात्रा से छेड़खानी, सस्पेंड

0

बलिया में सिपाही ने की छात्रा से छेड़खानी, सस्पेंडबलिया। जिले के लालगंज चौकी पर तैनात एक सिपाही की करतूत ने पुलिस विभाग को शर्मसार कर दिया। शुक्रवार को लालगंज बाजार से ट्यूशन पढ़कर साइकिल से घर लौट रही कक्षा नौवीं की छात्रा से लालगंज चट्टी के बगल में सिपाही ने छेड़खानी की। छात्रा के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने सिपाही को दौड़ा लिया। जिसके बाद सिपाही मौके पर बाइक छोड़कर भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बाईक को कब्जे में ले लिया। छात्र की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी सिपाही पंकज गुप्ता के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। उधर, एसपी ने आरोपी सिपाही को निलंबित कर दिया है। आरोपी सिपाही की गिरफ्तारी अभी नहीं हो सकी है।

दोकटी थाना क्षेत्र के लालगंज चौकी अंतर्गत एक गांव निवासी कक्षा नौवीं की छात्रा शुक्रवार को कोचिंग से पढ़कर साइकिल से घर जा रही थी। जैसे ही लालगंज चट्टी के आगे बढ़ी एक सुनसान स्थान पर सिपाही ने उसकी साइकिल रुकवाई और उसके साथ अभद्रता की। छात्रा के शोर मचाने पर उसके पिता और आसपास के दर्जनों लोग दौड़े। उन्हें आता देख आरोपी सिपाही अपनी बिना नंबर की नई मोटरसाइकिल छोड़कर मौके से भाग निकला। पुलिस ने मोटरसाइकिल को कब्जे में लिया है। छात्रा ने बताया कि वह आठ सितंबर को ट्यूशन पढ़ने के लिए लालगंज बाजार गई थी। वापस लौटते समय लालगंज चौकी के सिपाही ने उसे अकेला पाकर मोबाइल नंबर मांगा। किशोरी बिना कुछ बोले अपने घर चली गई। छात्रा के अनुसार नौ और 10 सितंबर को भी कोचिंग से लौटते समय सिपाही ने उसका रास्ता रोककर छींटाकशी की और दोबारा मोबाइल नंबर मांगा। किशोरी ने इसकी जानकारी अपने परिजनों को दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह, पूर्व सांसद भरत सिंह की पुत्री विजयलक्ष्मी, सपा नेता अंगद सिंह अपने समर्थकों के साथ लालगंज पुलिस चौकी पहुंचे और आरोपी सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के साथ विभागीय कार्रवाई की मांग की। इस बाबत क्षेत्राधिकारी बैरिया आलोक कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक ने आरोपी सिपाही पंकज गुप्ता को निलंबित कर दिया है। वहीं, छात्रा की तहरीर पर सिपहि सिपहि के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *