बलिया में नरही थाना का कोरंटाडीह चौकी क्षेत्र बना शराब तस्करों का अखाड़ा, पुलिस ने मामले को दबाया

बलिया में नरही थाना का कोरंटाडीह चौकी क्षेत्र बना शराब तस्करों का अखाड़ा, पुलिस ने मामले को दबाया
दो दिन पहले सरयां गांव में देर रात तड़तड़ाई थी गोलियां, शराब ले गई पुलिस
समाजसेवी ने प्रकरण को सोशल मीडिया पर किया पोस्ट, जिम्मेदार मौन
बलिया। जिले के यूपी बिहार की सीमा पर नरही थाना का कोरंटाडीह चौकी क्षेत्र शराब व पशु तस्करी का हब बना हुआ है। तस्करों के कई गुट होने के कारण अब वर्चस्व की जंग भी शुरू हो चुकी है। एक गुट जो असलहों से लैस रहता है वह चौकी इंचार्ज का खास बताया जाता है।

ग्रामीणों के अनुसार दो दिनों पहले सरयां गांव के रास्ते पर देर रात तस्करों के दो गुट आमने सामने हो गए जिसमें कई राउंड गोलियां चली। मौके पर चौकी के पुलिसकर्मियों के पहुंचते ही तस्कर शराब की पेटियां छोड़ भाग निकले जिसे पुलिस उठा ले गई। इस मामले को समाजसेवी कुबेर नाथ तिवारी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर जांच की मांग भी की है। सरयां गांव के ग्रामीणों ने बताया कि रात से लेकर भोर तक अलग अलग रास्ते से तस्कर शराब की पेटियां लेकर गंगा किनारे जाते हैं जहां पहले से मोटर चालित नावें मौजूद रहती हैं। फिर नावों से बिहार भेज दिया जाता है। ग्रामीणों का आरोप है कि चौकी का एक चर्चित सिपाही यादव जी हमेशा तस्करों के सहयोग के लिए सादे ड्रेस में रहते हैं जो चौकी इंचार्ज के भी खास हैं। इनके जिम्मे ही हर तरह की अवैध कमाई काम है। सरयां गांव के ग्रामीणों ने बताया कि बीते 10 अगस्त की देर रात एक रास्ते पर दो तस्कर शराब की खेप लेकर गंगा घाट की ओर जा रहे थे। इसी बीच दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ और एक पक्ष ने गोलियां चला दी। बताया जाता घटना के चौकी के पुलिसकर्मी पहुंचे और शराब की पेटियां उठा ले गए साथ ही मामले को दबा दिया। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं आए दिन हो रही है जिससे गांव के लोगों में भय बना हुआ है।
