बलिया में नरही थाना का कोरंटाडीह चौकी क्षेत्र बना शराब व पशु तस्करी का हब

बलिया में नरही थाना का कोरंटाडीह चौकी क्षेत्र बना शराब व पशु तस्करी का हब
गंगा किनारे कोटवां नारायणपुर से लेकर उजियार तक एक दर्जन हैं स्थान
बीट सिपाही व दलालों की मिलीभगत से खेल, चौकी इंचार्ज का होता है संरक्षण
बलिया। जिले के यूपी बिहार की सीमा पर नरही थाना का कोरंटाडीह चौकी क्षेत्र खासकर शराब तस्करी का हब बन चुका है। गंगा के रास्ते शराब की खेप को मोटर बोट से बिहार के बक्सर तक पहुंचाया जाता है। इसमें बीट के सिपाही व दलालों की मिलीभगत होती है साथ ही चौकी इंचार्ज का भी संरक्षण होता है। तस्करी के लिए गंगा किनारे कोटवां नारायणपुर से लेकर उजियार तक एक दर्जन स्थानों पर शाम होते ही मोटर बोट लग जाते हैं। सूत्रों की मानें तो कई तस्करों का चौकी इंचार्ज से मधुर संबंध है जो इस धंधे का विरोध करने वालों को असलहा भी दिखाते हैं।
बता दें कि दो वर्ष पहले एडीजी वारणसी व डीआईजी आजमगढ़ ने नरही थाना के भरौली चौराहा पर छापेमारी पुलिस की अवैध वसूली का खुलासा किया था। उस समय हुई बड़ी कार्रवाई में नरही एसओ, कोरंटाडीह चौकी इन्चार्ज समेत कई पुलिसकर्मी व दलालों को जेल जाना पड़ा था। हालांकि अब अधिकांश को जमानत मिल चुकी है। लेकिन अब भी हालात नहीं बदले। कोरंटाडीह चौकी क्षेत्र में
अवैध वसूली जहां जोरों पर है वहीं शराब व पशु तस्करी बदस्तूर जारी है। चौकी पुलिस के संरक्षण से तस्कर बेखौफ होकर अब तो नाव के स्थान पर मोटर बोट से शराब व पशुओं को बिहार भेजते हैं।
