बलिया में मनरेगा कार्मिकों का ईपीएफ जमा नहीं, सोहांव बीडीओ का रोका वेतन
बलिया में मनरेगा कार्मिकों का ईपीएफ जमा नहीं, सोहांव बीडीओ का रोका वेतनबलिया। जिले के उपायुक्त श्रम एवं रोजगार रिचा सिंह ने मनरेगा कार्मिकों का ईपीएफ जमा करने में लापरवाही पर सोहांव के बीडीओ का जुलाई माह का वेतन रोक दिया है। यह भी निर्देश दिया है कि सम्बन्धित कार्मिको के यूएएन खाते में ईपीएफ जमा कराना सुनिश्चित करें अन्यथा आपके विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। डीसी मनरेगा ने बीडीओ सोहांव को पत्र जारी कर उल्लेख किया है कि कार्यालय के पत्र संख्या 382 दिनांक 14.07.2026 का सन्दर्भग्रहण करें, जिसके द्वारा कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (श्रम एवं रोजगार मंत्रालय, भारत सरकार) क्षेत्रीय कार्यालय गोरखपुर के पत्र संख्या क्षे का / गोरखपुर / अनुपालन / यूपीजी केपी 1534271000/9876 दिनांक 07.07.2026 के साथ संलग्न हेमन्त कुमार राय, ग्राम रोजगार सेवक, उजियार के शिकायती पत्र का सन्दर्भ ग्रहण करें। इनके द्वारा शिकायत किया गया है कि मनरेगा कार्मिको का ईपीएफ जमा करने का आदेश अप्रैल 2015 से है। हम सबके पारिश्रमिक से कटता भी है। किन्तु ईपीएफ की धनराशि यूएएन खाते में जमा नहीं हुई है। ईपीएफ की धनराशि ब्याज सहित यूएएन खाते में जमा हेतु अनुरोध किया गया है। उक्त का शत-प्रतिशत अनुपालन हेतु आपको निर्देशित किया गया था। किन्तु आप द्वारा आज तक विकास खण्ड में कार्यरत समस्त कार्मिको के ईपीएफ की धनराशि सम्बन्धित कार्मिकों के यूएएन खाते में जमा नहीं कराया गया है। जिसके कारण कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (श्रम एवं रोजगार मंत्रालय, भारत सरकार) क्षेत्रीय कार्यालय गोरखपुर से अनुस्मारक पत्र संख्या 9884 दिनांक 15.07.2026 एवं 10441 दिनांक 21.07.2026 अधोहस्ताक्षरी के विरूद्ध कार्यवाही हेतु प्राप्त हुआ है। उक्त के कम में विकास खण्ड कार्यालय सोहॉव में कार्यरत कार्मिको के ईपीएफ की धनराशि सम्बन्धित कार्मिकों के यूएएन खाते में जमा न करने तक आपका माह जुलाई 2026 का वेतन अवरूद्ध करते हुए निर्देशित किया जाता है कि तत्काल ईपीएफ की धनराशि सम्बन्धित कार्मिको के यूएएन खाते में जमा कराना सुनिश्चित करें, अन्यथा की स्थिति में आपके विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही हेतु सक्षम स्तर पर संसूचित कर दिया जायेगा। जिसके लिए आप स्वयं जिम्मेदार होंगे।
