बलिया: एनएससीटी ने दो बेटियों को दिया 4.70 लाख का शगुन

बलिया: एनएससीटी ने दो बेटियों को दिया 4.70 लाख का शगुन
*कन्यादान योजना के पहले चरण में मिर्जापुर और गोरखपुर के एक-एक सदस्य को मिला सहयोग*
*प्रदेश के 15 हजार 325 सदस्यों ने किया अंशदान*
*बलिया।* नेशनल सेल्फ केयर टीम (एनएससीटी) ने अपनी कन्यादान योजना के पहले चरण में प्रदेश की दो बेटियों की विवाह के लिए प्रति कन्या 2 लाख 35 हजार रुपये का शगुन दिया है। दोनों बेटियों के पिता के खातों में सहयोग धनराशि पहुंच गई है।
संस्थापक विवेकानंद, वरिष्ठ सह-संस्थापक सुधेश पांडेय व संजीव रजक ने बताया कि टीम का गठन 26 फरवरी 2025 को आम नागरिकों, कर्मचारियों, अधिकारियों, मीडिया कर्मियों व संविदाकर्मियों की आर्थिक एवं सामाजिक सहायता के उद्देश्य से किया गया था। टीम अपने पांच दिवंगत सदस्यों के परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान कर चुकी है।
कन्यादान योजना के प्रथम चरण में मिर्जापुर निवासी कन्हैयालाल यादव व गोरखपुर निवासी अमरनाथ शर्मा की पुत्रियों को शामिल किया गया है, जिनका विवाह जून में हुआ है। दोनों सदस्यों के बैंक खाते 5 जून को जारी किए गए थे। टीम के सदस्यों के 15-15 रुपये के अंशदान से प्रत्येक खाते में 2 लाख 35 हजार रुपये एकत्र हो चुके हैं। भविष्य में कन्यादान की राशि पांच लाख तक पहुंचाने का लक्ष्य है।
जनपद के निवासी एनएससीटी के प्रांतीय सचिव सन्नी सिंह व जिलाध्यक्ष उमेश कुमार ने बताया कि टीम से जुड़े प्रदेश के 15 हजार 325 सदस्यों ने अंशदान किया है। इसमें जिले के सदस्यों की संख्या 680 है।
