बलिया में राजकीय बीज भंडारों पर कालाबाजारी का आरोप, डीएम ने दिए कार्रवाई के निर्देश

0

बलिया में राजकीय बीज भंडारों पर कालाबाजारी का आरोप, डीएम ने दिए कार्रवाई के निर्देश

बलिया। कृषि भवन सभागार में बुधवार जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें किसानों ने कृषि विभाग की कलाई खोल दी। किसानों ने बीज खाद की कीमत व उपलब्धता, बिजली, नलकूप, जल निकासी और तूफान से फसलों को हुए नुकसान से जुड़ी समस्याएं उठाईं। किसानों मे सरकारी बीज भंडारों पर अधिक मूल्य वसूलने का आरोप लगाया। डीएम ने कार्रवाई का निर्देश दिया।
बैठक में भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष अभिजीत तिवारी ने कहा कि जिले के राजकीय कृषि बीज भंडारों पर बीज के रेट चार्ट नहीं लगे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई विकासखंडों में किसानों को निर्धारित कीमत से अधिक दाम पर बीज दिए जा रहे हैं। डीएम ने जिला कृषि अधिकारी को सभी राजकीय कृषि बीज भंडारों पर तत्काल रेट चार्ट लगवाने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों से कहा कि जहां रेट चार्ट नहीं लगा है, वहां की फोटो जिला कृषि अधिकारी को भेजें। सोहांव विकासखंड के किसान राजेश सिंह और अन्य किसानों ने राजकीय कृषि बीज भंडार सोहांव के प्रभारी पर निर्धारित कीमत से अधिक दाम पर बीज बेचने और किसानों से दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया। डीएम ने जिला कृषि अधिकारी को संबंधित प्रभारी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। किसानों ने निजी खाद विक्रेताओं पर निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूलने की भी शिकायत की। डीएम ने ऐसे विक्रेताओं की सूची मांगी और 19 नवंबर को जिले के सभी थोक खाद विक्रेताओं की बैठक बुलाने का निर्देश दिया। किसान अजय प्रताप सिंह, संतोष सिंह, आदि ने ड्रेनेज, कृषि यंत्रीकरण, खाद की उपलब्धता, तूफान से फसलों को हुए नुकसान का मुआवजा, बिजली, नलकूप, उद्यान और विपणन से जुड़ी समस्याएं रखीं।
डीएम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय में निस्तारण करने को कहा।
बैठक में उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, अधिशासी अभियंता विद्युत, जिला अग्रणी बैंक के प्रतिनिधि, मंडी समिति, जिला गन्ना अधिकारी, बाढ़ खंड, नलकूप, खाद्य एवं विपणन और सहकारिता विभाग के अधिकारी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *