बलिया में यूपी बिहार सीमा पर ट्रकों के ‘पासिंग’ का खेल, सड़क किनारे खड़ी कर करते हैं लोकेशन का इंतजार

बलिया में यूपी बिहार सीमा पर ट्रकों के ‘पासिंग’ का खेल, सड़क किनारे खड़ी कर करते हैं लोकेशन का इंतजारबलिया। यूपी एसटीएफ ने ओवरलोड ट्रकों के ‘पासिंग’ और करोड़ों की अवैध वसूली नेटवर्क का खुलासा किया है जिसमें बलिया कनेक्शन भी है। वहीं, जिले में यूपी बिहार की सीमा नरही थाना के भरौली चौराहा पर रोजाना पुलिस, परिवहन व खनन विभाग के अफसरों की मिलीभगत से ओवरलोड व बिना आईएसटीपी जमा किए ट्रकों को पास कराने का खेल होता है। यही नहीं भरौली बलिया मार्ग पर एसपी की ओर से मनाही के बावजूद बालू लदे वाहनों से अवैध वसूली कर बलिया जाने दिया जाता है। यह खेल देर रात और भोर में होता है। बलिया जाने वाले लाल बालू लदे ट्रकों को चालक सड़कों के किनारे खड़ी कर पुलिस की हरी झंडी का इंतजार करते हैं। मंगलवार की शाम भरौली से उजियार गांव तक सड़क किनारे लाल बालू लदी ट्रकें ‘ग्रीन सिग्नल’ मिलने की इंतजार में थे। बताया जाता है की यह खेल रोज होता है। बताया जाता है कि बिहार से लाल बालू लेकर यूपी आने वाले ट्रकों का नजदीकी रास्ता यूपी के भरौली और बिहार के बक्सर के बीच गंगा पर बना पुल है। इस मार्ग से रोजाना हजारों ट्रकें लाल बालू लेकर यूपी के विभिन्न जनपदों को जाती हैं। लेकिन यहां जांच के नाम पर खनन और पुलिस अलग ही खेल करते हैं। सूत्रों की मानें तो दोनों को दलालों की ओर से प्रति ट्रक चढ़ावा दिया है। यूपी में प्रवेश करने वाले ट्रकों को आईएसटीपी जमा करने का प्रावधान है। लेकिन इससे बचने के लिए चालक नंबर प्लेट को ढंक कर यूपी में प्रवेश करते हैं। बताया जाता है कि ऐसे ट्रकों से प्रति वाहन करीब दो हजार की वसूली होती है। इस रास्ते से रोजाना एक हजार से अधिक ट्रकें लाल बालू लेकर यूपी की सीमा में प्रवेश करती हैं। हालांकि इस पर निगरानी और कार्रवाई के लिए डीएम मंगला प्रसाद द्वारा टीम गठित की गई है। टीम में खनन, परिवहन व पुलिस शामिल है। लेकिन यहां दलाल ही अफसरों की व्यवस्था देखते हैं और सेटिंग को अंजाम देते हैं।
