बलिया में घर के अंदर मिला युवक का शव, पिता भी था अचेत
बलिया में घर के अंदर मिला युवक का शव, पिता भी था अचेत
बलिया। सहतवार नगर पंचायत के वार्ड संख्या आठ में रविवार की रात एक बंद घर से युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। घर के अंदर उसका पिता भी अचेत पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और अचेत पिता को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
बताया जाता है कि सहतवार नगर पंचायत के वार्ड नम्बर आठ निवासी अशोक प्रसाद के घर का दरवाजा पिछले तीन दिनों से बंद था। शंका होने पर मोहल्ले के लोगों ने रविवार को डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा अंदर से बंद पाया, जिसके बाद उच्चाधिकारियों को मामले से अवगत कराया। अधिकारियों के निर्देश पर सहतवार थानाध्यक्ष अनिल सिंह पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। आसपास के लोगों की मदद से पुलिस दूसरे रास्ते से घर के अंदर पहुंची तो कमरे में अशोक प्रसाद 65 और उनका बेटा सोनू अचेतावस्था में पड़े मिले। पुलिस ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहतवार पहुंचाया तो डॉक्टरों ने सोनू को मृत घोषित कर दिया। जबकि अशोक की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इस बाबत क्षेत्राधिकारी बांसडीह जयशंकर मिश्र ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
